बागपत में एमएलसी निर्वाचन की तैयारी तेज, कल कलेक्ट्रेट लोकमंच से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
अपर जिलाधिकारी वि/रा राजीव कुमार राय की अध्यक्षता में मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण हुआ आयोजित
बागपत दिनांक 21 अक्टूबर 2026 —– उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन को निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल के निर्देशन में कलेक्ट्रेट सभागार में मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव कुमार राय ने की। इस दौरान मतदान प्रक्रिया से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
अपर जिलाधिकारी राजीव कुमार राय ने बताया कि मतदान संपन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियां 22 अक्टूबर को सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट लोकमंच से रवाना होंगी। रवाना होने से पहले मतदान कार्मिकों को निर्वाचन से संबंधित आवश्यक सामग्री और अभिलेख प्राप्त करने के साथ उनकी जांच सुनिश्चित करनी होगी। सभी कार्मिकों को अपने निर्धारित दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा निर्वाचन संबंधी निर्देशों के पूर्ण अनुपालन के निर्देश दिए गए है। जनपद बागपत में 23 अक्टूबर 2026 को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक सात मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा। पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदान की तैयारियां पूरी करेंगी। प्रशासन की ओर से निर्वाचन व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि मतदान निर्धारित समय पर सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।
सूचना विभाग बागपत