25 वर्षों के सुशासन की गाथा: लोककला के माध्यम से बागपत के गाँव-गाँव पहुँचा संदेश
सेवा संकल्प अभियान: कठपुतली शो और नाटकों को देखने उमड़ी ग्रामीणों व युवाओं की भीड़
बागपत दिनांक 22 सितंबर 2026: जनपद में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक और कठपुतली शो के माध्यम से लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। सूचना विभाग के समन्वय से सांस्कृतिक दलों ने नगर पालिका परिषद छपरौली, ग्राम पंचायत घर सिलाना, मुस्लिम इंटर कॉलेज असारा और सर्वोदय पब्लिक स्कूल माजरा में प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने कहानियों और अभिनय के जरिए दिखाया कि योजनाओं का लाभ उठाकर जीवन में कैसे बदलाव लाया जा सकता है। कठपुतली शो और नाटकों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा व स्कूली बच्चे एकत्र हुए।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री काल से लेकर देश के प्रधानसेवक के रूप में 25 वर्षों के सुशासन, कड़े फैसलों और सेवा-समर्पण के प्रसंगों को संगीत व अभिनय के जरिए प्रस्तुत किया गया। पक्के आवास योजना (प्रधानमंत्री आवास), डिजिटल बैंकिंग, उज्जवला योजना, महिला सशक्तिकरण और आयुष्मान भारत योजना से कैसे गरीब परिवारों का जीवन बदला, इसे प्रेरक प्रसंगों के साथ दिखाया गया। नोडल अधिकारी एवं जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी ने बताया कि अभियान के तहत जनपद में तीन सांस्कृतिक दलों द्वारा 30 नुक्कड़ नाटक और तीन नाट्य मंचन निर्धारित किए गए हैं। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है।
सूचना विभाग बागपत