17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
जनपद बागपत में गाँव-गाँव तक पहुंचेगा विकसित भारत का संदेश, एक संकल्प से जुड़ेगा पूरा जनपद
बागपत दिनांक 15 सितंबर 2026 — प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्र संकल्प से जोड़ने के लिए जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत ग्राम पंचायत से लेकर शहरी वार्ड स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और सभी कार्यक्रमों को निर्धारित समय में प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
अभियान के अंतर्गत जनपद में 13 प्रमुख कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दिया’ के तहत अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान तथा विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर टूल किट वितरण के साथ शाम सात बजे दीप प्रज्वलन कराया जाएगा। इसी दिन ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ के माध्यम से विद्यार्थियों को चित्रकला, भाषण एवं वाद-विवाद जैसी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। अभियान में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों से लोगों के जीवन में आए बदलाव को विशेष रूप से सामने लाया जाएगा। ‘सेवा की कहानी’ के तहत अधिकतम 60 सेकंड की रील तैयार की जाएंगी, जिनमें लाभार्थी, स्थान, जनपद और संबंधित योजना की जानकारी के साथ बदलाव की कहानी दिखाई जाएगी। गांव से राज्य स्तर तक युवाओं, डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स, यू-ट्यूबर्स, जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, पुरस्कार विजेताओं और लाभार्थियों को ऐसी रील बनाने के लिए जोड़ा जाएगा।
25 सितंबर को ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा दीदियों और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं को सम्मानित किया जाएगा। स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता सहित महिला एवं बाल विकास से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगी। इसी क्रम में ग्राम चौपाल एवं पुस्तकालय उद्घाटन के तहत जनपद में 101 पुस्तकालयों को जनता से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। युवाओं को नवाचार, कौशल एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ में भी सहभागिता कराई जाएगी। 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्र वंदना चौक पर प्रमुख कार्यक्रम होगा, जिसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पैदल, साइकिल एवं मोटरसाइकिल रैलियां पहुंचेंगी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जी के संबोधन का सीधा प्रसारण, विकसित भारत-2047 की शपथ तथा व्यापक जनभागीदारी होगी। इसी दिन ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत रक्तदान, पौधरोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य, महिला स्वास्थ्य, जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त अभियान, सड़क सुरक्षा सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों को जनभागीदारी से कराया जाएगा।
30 सितंबर से 8 अक्टूबर के बीच ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विकासखंडों एवं नगरीय क्षेत्रों में बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे। एक ही स्थान पर विभिन्न केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी, आवेदन, पात्रता जांच एवं आवश्यक प्रक्रिया की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। स्वास्थ्य मेले, आयुष्मान योजना, दिव्यांगजन शिविर, रोजगार एवं श्रम पंजीकरण तथा मतदाता पंजीकरण जैसी गतिविधियां भी कराई जाएंगी। उद्देश्य ऐसे पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जो किसी कारणवश अभी तक उससे वंचित हैं। 7 अक्टूबर को ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में लगभग दो हजार प्रतिभागियों की सहभागिता से विशाल रंगोली तैयार की जाएगी। इसमें प्राकृतिक रंगों, फूलों, अनाज एवं मिट्टी का उपयोग करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों एवं विकसित भारत-2047 की संकल्पना को दर्शाया जाएगा। कार्यक्रम की व्यापक तस्वीर एवं वीडियो कवरेज के लिए ड्रोन का भी उपयोग किया जाएगा। अभियान के दौरान सूचना विभाग के माध्यम से एलईडी वैन, बैनर, होर्डिंग, फ्लेक्स, नुक्कड़ नाटक, सोशल मीडिया के जरिए प्रचार-प्रसार कराया जाएगा।
अभियान को केवल जिला या ब्लॉक मुख्यालय तक सीमित न रखते हुए ग्राम पंचायत तक पहुंचाने पर जोर दिया गया है। जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं, लाभार्थियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित नोडल अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्रमों की तैयारी, विभागीय समन्वय, समयबद्ध आयोजन और कार्यक्रम के बाद की रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अभियान के अंतिम चरण में ‘सुशासन सेवा संवाद’ के माध्यम से ग्राम प्रधान से लेकर सांसद तक जनप्रतिनिधियों को जोड़ा जाएगा। जनसेवा एवं सुशासन की यात्रा, ग्राम चौपालों से प्राप्त सुझाव तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को व्यापक जनभागीदारी से आगे बढ़ाया जाएगा। जिला स्तर पर करीब एक हजार जनप्रतिनिधियों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। जिला प्रशासन द्वारा अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्ययोजना तैयार कर सभी गतिविधियों को निर्धारित तिथियों में पूरा कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि लाभार्थियों और पात्र वंचित लोगों को केंद्र में रखकर गतिविधियां संचालित की जाएं। संबंधित विभाग अपनी योजनाओं के लाभार्थियों की अपडेट सूची तैयार रखते हुए उनकी सभागिता से ग्राम पंचायत, वार्ड एवं स्थानीय स्तर पर पात्र वंचित लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं। विशेष रूप से ऐसे लोगों को चिह्नित किया जाए, जो पात्र होने के बावजूद किसी योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं, ताकि सेवा सेतु सहित विभिन्न शिविरों के माध्यम से उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ा जा सके।
सूचना विभाग बागपत