निपुण लक्ष्य हासिल करने पर जोर, कमजोर बच्चों की पढ़ाई पर रहेगी विशेष नजर
स्कूलों में शिक्षक-छात्र उपस्थिति और नियमित निरीक्षण पर जिलाधिकारी सख्त
कायाकल्प से स्वच्छता तक, परिषदीय विद्यालयों की सुविधाएं बेहतर करने के निर्देश
बागपत दिनांक 15 सितंबर 2026 — जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक कर परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनके सीखने के स्तर में निरंतर सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति, विद्यालयों की व्यवस्थाओं एवं शिक्षा की गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने पर जोर देते हुए बच्चों की बुनियादी भाषा एवं गणितीय दक्षताओं में सुधार के लिए नियमित आकलन एवं शिक्षण गतिविधियों की निगरानी के निर्देश दिए। शिक्षकों को बच्चों की सीखने की आवश्यकता के अनुसार शिक्षण कार्य करने तथा कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया।
जिलाधिकारी ने विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा कि विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करते हुए उपस्थिति, पठन-पाठन की स्थिति तथा बच्चों की शैक्षिक प्रगति का अनुश्रवण किया जाए। अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के संबंध में अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाए। जिलाधिकारी ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए। स्वच्छ पेयजल, बालक-बालिका शौचालय, हैंडवॉश, विद्युत व्यवस्था, कक्ष की स्थिति, फर्नीचर, रसोईघर, परिसर की स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति की नियमित समीक्षा करने को कहा।
उन्होंने मध्यान्ह भोजन/पीएम पोषण योजना के तहत बच्चों को निर्धारित मानक के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने तथा भोजन की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। विद्यालयों में स्वच्छता एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े मानकों का भी विशेष ध्यान रखने को कहा गया। जिलाधिकारी ने विद्यालयों के नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण को प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी विद्यालयों में पहुंचकर वास्तविक स्थिति देखें। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को चिह्नित कर संबंधित अधिकारी द्वारा समयबद्ध सुधार कराया जाए और अगली समीक्षा में उसकी प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की जाए। उन्होंने छात्र नामांकन एवं विद्यालय से बच्चों के जुड़ाव पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। विद्यालय से बाहर अथवा नियमित रूप से विद्यालय न आने वाले बच्चों को चिह्नित कर उनके अभिभावकों से संपर्क करने तथा उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षित एवं बाल मैत्रीपूर्ण वातावरण तथा सभी बच्चों की समान भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक समय से पहुंचे और डीबीटी, निःशुल्क पाठ्य सामग्री, यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर एवं अन्य सुविधाओं से संबंधित कार्यों में किसी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा कर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों की नियमित समीक्षा करते हुए अच्छी शैक्षिक पहल को अन्य विद्यालयों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विद्यालयों में बेहतर कार्य हो रहा है, उनकी अच्छी कार्यप्रणाली को अन्य विद्यालयों के लिए उदाहरण के रूप में अपनाया जाए। साथ ही विद्यालयों में नवाचार, खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्रगति रिपोर्ट तैयार रखें और जिन बिंदुओं पर अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, उन्हें प्राथमिकता से पूरा कराएं। बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
सूचना विभाग बागपत