जिला कारागार का उच्चस्तरीय निरीक्षण न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सम्पन्न
निःशुल्क विधिक सहायता सुनिश्चित कराने के लिए दिए निर्देश
बागपत, 24 सितंबर 2025 — जनपद न्यायाधीश मनोज कुमार, जिलाधिकारी अस्मिता लाल एवं पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने आज जिला कारागार बागपत का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के बंदियों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की।
संबंधित चिकित्सक को उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान महिला बैरक, चिकित्सालय, पाकशाला (रसोईघर) एवं हाई सिक्योरिटी बैरक का गहन निरीक्षण किया गया। जिला जज एवं जिलाधिकारी ने महिला बैरक में निरुद्ध महिला बंदियों से उनके खानपान एवं अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा कैदियों के बच्चों से स्नेहपूर्वक वार्ता कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन महिला बंदियों के पास सरकारी अधिवक्ता उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
अस्पताल वार्ड का निरीक्षण कर बंदियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली गई तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि समय-समय पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण नियमित रूप से किया जाए। हाई सिक्योरिटी बैरक में भी कैदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई। इसके पश्चात पाकशाला का निरीक्षण किया गया, जहां भोजन चार्ट के अनुरूप पाया गया। जिला जज एवं जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि सभी कैदियों को भोजन एवं नाश्ता प्रतिदिन चार्ट के अनुसार शुद्धता के साथ उपलब्ध कराया जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना विभाग बागपत