*-गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद के माननीय कुलपति जी एवं कुलसचिव से मिले स्काउट गाइड संस्था के पदाधिकारी
*-विश्वविद्यालय में रोवर-रेंजर गतिविधियों को सशक्त बनाने एवं आदर्श जिला विश्वविद्यालय संस्था के रुप में स्थापित करने हेतु हुआ महत्वपूर्ण मंथन
*-माननीय कुलपति महोदय द्वारा प्रादेशिक मुख्यालय की विभिन्न योजनाओं को सम्बद्ध शिक्षण संस्थानों में क्रियान्वयन करने हेतु रोवर्स एवं रेंजर्स के नोडल अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने हेतु दिया निर्देश
मुरादाबाद।
गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद के क्षेत्राधिकार में आने वाले समस्त संबद्ध शिक्षण संस्थानों में रोवर्स एवं रेंजर्स गतिविधियों के संचालन, सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार को लेकर संयुक्त प्रादेशिक संगठन आयुक्त श्री मयंक शर्मा
द्वारा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सचिन माहेश्वरी जी एवं कुलसचिव श्री गिरीश कुमार द्विवेदी जी से शिष्टाचार भेंट की। शिष्टाचार भेंट वार्ता में संयुक्त प्रादेशिक संगठन आयुक्त श्री मयंक शर्मा द्वारा विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति एवं कुलसचिव के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। माननीय कुलपति महोदय द्वारा प्रादेशिक मुख्यालय के विभिन्न योजनाओं को विश्वविद्यालय से सम्बद्ध शिक्षण संस्थानों में क्रियान्वयन करने हेतु रोवर्स एवं रेंजर्स के नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार को आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। माननीय कुलपति महोदय द्वारा स्काउटिंग गाइडिंग कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं के सर्वांगीण विकास, राष्ट्रीय चरित्र एवं राष्ट्रवाद की भावना के संचार को प्रोत्साहित करने पर बल दिया।
विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए माननीय कुलपति जी एवं कुलसचिव को स्कार्फ भेंट कर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात विश्वविद्यालय रोवर्स एवं रेंजर्स नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार के साथ रोवर-रेंजर गतिविधियों को सशक्त बनाने पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय जिला संस्था का पंजीकरण कराने, विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर रोवर-रेंजर गतिविधियों के प्रभावी संचालन, विश्वविद्यालय से सम्बद्ध समस्त शिक्षण संस्थानों में रोवर्स एवं रेंजर्स इकाइयों का पंजीकरण एवं नवीनीकरण, युवाओं की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने तथा प्रादेशिक मुख्यालय द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी रोवर-रेंजर आंदोलन को सशक्त बनाने हेतु पूर्ण सहयोग एवं समन्वय का आश्वासन प्रदान किया।
इसके उपरांत विश्वविद्यालय के रोवर्स एवं रेंजर्स नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान बैठक में संयुक्त प्रादेशिक संगठन आयुक्त श्री मयंक शर्मा, सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त, मुरादाबाद मंडल श्री बृजेश कुमार आदि की विशेष उपस्थिति रही।
इस अवसर पर संयुक्त प्रादेशिक संगठन आयुक्त श्री मयंक शर्मा ने विश्वविद्यालय जनपद में रोवर-रेंजर इकाइयों को सक्रिय एवं सुदृढ़ बनाने पर बल देते हुए चीफ कमिश्नर फैलोशिप, युवा तरंग महोत्सव, बी.एस.जी. छात्रवृत्ति योजना, वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा उत्तर प्रदेश स्काउट केयर के अंतर्गत ब्लड डोनर डायरेक्टरी निर्माण अभियान जैसे कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त, मुरादाबाद मंडल श्री बृजेश कुमार ने रोवर-रेंजर गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने वाले कार्यक्रमों के आयोजन पर विशेष बल दिया तथा सभी महाविद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण कार्यक्रमों के आयोजन हेतु समन्वित प्रयासों की आवश्यकता एवं कार्यक्रमों के आयोजन पर विचार करने का आग्रह किया।
विश्वविद्यालय रोवर-रेंजर नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर रोवर-रेंजर गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी सम्बद्ध संस्थाओं के सहयोग एवं सहभागिता सुनिश्चित कराई जाने हेतु आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा रोवर-रेंजर गतिविधियों के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण कार्यक्रमों के संचालन एवं अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु सामूहिक सहयोग, समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने पर सहमति व्यक्त की गई।
कुलसचिव श्री गिरीश कुमार द्विवेदी जी द्वारा विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर रोवर-रेंजर गतिविधियों के प्रभावी संचालन, अधिकाधिक नवीनीकरण एवं पंजीकरण सुनिश्चित करने, स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार, रोवरिंग-रेंजरिंग को सुदृढ़ बनाने तथा प्रादेशिक मुख्यालय के निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीरता से मंथन करने एवं नियमानुसार अनुपालन करने पर जोर दिया तथा स्काउटिंग गाइडिंग कार्यक्रमों के लिए हर संभव सहयोग एवं सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आश्वस्त किया।
स्काउट गाइड संस्था के प्रादेशिक मुख्यालय से आए पदाधिकारियों ने विश्वविद्यालय जनपद को सुदृढ़ एवं सक्रिय रूप से स्थापित करने, महाविद्यालयों में रोवर-रेंजर प्रादेशिक मुख्यालय द्वारा संचालित चीफ कमिश्नर फैलोशिप (विश्वविद्यालय जनपद), युवा तरंग महोत्सव, बी. एस.जी. छात्रवृत्ति योजना रोवर और रेंजर और वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं उत्तर प्रदेश स्काउट केयर के माध्यम से ब्लड डोनर डायरेक्टरी निर्माण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा स्काउट-गाइड,रोवर-रेंजर गतिविधियों को नई दिशा देने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने सभी सम्बद्ध शिक्षण संस्थानों से समन्वय स्थापित करते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्यक्रमों के संचालन एवं अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने विश्वविद्यालय जनपद को बेहतर ढंग से स्थापित करने, सम्बद्ध कराने एवं रोवर-रेंजर गतिविधियों को प्रभावी बनाने हेतु अपने विचार रखे। स्काउट-गाइड गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सामूहिक सहयोग, समन्वय एवं गुणवत्तापूर्ण रोवर-रेंजर कार्यक्रमों के संचालन पर सहमति व्यक्त की गई।




