Spread the love

सेवा पर्व के तहत जिलेभर में पर्यावरण संरक्षण जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करेगा प्रभागीय वन विभाग

बागपत, 20 सितंबर 2025 – जिले में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक सेवा पर्व का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। आज इस श्रृंखला में जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने खेकड़ा तहसील परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया।

जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने कहा कि पेड़ हमारे जीवन और स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इन अभियानों में बढ़-चढ़ कर भाग लें और अपने आसपास हरित वातावरण के निर्माण में सहयोग दें। उन्होंने नागरिक से एक एक पौधा लगाकर इस अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर खेकड़ा एसडीएम निकेत वर्मा और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. तीरथ लाल ने भी वृक्षारोपण कर कार्यक्रम को सफल बनाया। उन्होंने लोगों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के महत्व पर जागरूक किया।

सेवा पर्व के अंतर्गत जिलेभर में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बागपत वन प्रभाग द्वारा इसके लिए विस्तृत कैलेंडर जारी किया गया है। इसी क्रम में आज सिनौली गांव के आदर्श नंगला इंटर कॉलेज में स्वच्छता अभियान का आयोजन हुआ।

आगामी कार्यक्रमों में विभिन्न शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर वृक्षारोपण, सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त अभियान, चित्रकला प्रतियोगिता और स्वच्छता अभियान जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रमुख कार्यक्रम इस प्रकार हैं: गांधी इंटर कॉलेज, खेकड़ा (21 सितंबर), संस्कृत विद्यालय, बरनावा (22 सितंबर), जवाहर नवोदय विद्यालय, शरफाबाद (23 सितंबर), राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, दाहा (24 सितंबर), विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, छपरौली (25 सितंबर), प्राथमिक विद्यालय, हमीदाबाद (26 सितंबर), नगर पालिका परिसर, बड़ौत (27 सितंबर), तहसील परिसर, बड़ौत (28 सितंबर), तहसील परिसर, खेकड़ा (29 सितंबर), पूर्वी यमुना नहर किनारे, बड़ौत (30 सितंबर), सर्वोदय अस्पताल, टटीरी (01 अक्टूबर), और स्याद्वाद कॉलेज, बागपत (02 अक्टूबर)।

इन कार्यक्रमों का संचालन क्षेत्रीय वन अधिकारी श्रवण कुमार और सुनेंद्र सिंह के नेतृत्व में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी के बिना अभियान की सफलता संभव नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इन कार्यक्रमों में शामिल होकर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाएं। सेवा पर्व जिले में न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहा है, बल्कि लोगों में सामुदायिक जिम्मेदारी और हरित वातावरण के निर्माण की भावना भी जागृत कर रहा है।

सूचना विभाग बागपत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×