बागपत, 10 अगस्त 2026- बागपत की गन्ना खेती और पुरा महादेव की आस्था का अनोखा संगम आज श्रावणी कांवड़ मेले के जीरो वेस्ट महोत्सव में दिखाई देगा। गन्ने से चीनी बनाने के बाद बचने वाले बगास से बने कपों का इस्तेमाल आज से मेला क्षेत्र में शुरू होगा। सिंगल यूज प्लास्टिक के विकल्प के रूप में अपनाया जा रहा यह प्रयोग स्थानीय कृषि संसाधन को पर्यावरण-अनुकूल मेला व्यवस्था से जोड़ रहा है। गन्ना उत्पादक बागपत में खेत से निकलने वाला बगास अब पुरा महादेव में श्रद्धालुओं के चाय-पानी के काम आएगा। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की प्रेरणा से विकसित जीरो वेस्ट मॉडल में यह पहल ‘भक्ति भी, प्रकृति भी… आस्था भी, जिम्मेदारी भी’ की सोच को व्यवहार में उतारती है। यानी आस्था के आयोजन में सुविधा भी रहे और प्रकृति पर अनावश्यक बोझ भी न बढ़े।