विकास भवन में गूंजी पशुपालकों की तरक्की की बात, अधिकारियों ने दी विभिन्न योजनाओं की जानकारी
बागपत 05 अगस्त 2026 — डेयरी विकास विभाग के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास भवन सभागार में स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना के तहत ई-लॉटरी से चयनित 28 लाभार्थियों को चयन पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा गौ संवर्धन योजना के लाभार्थियों को अनुदान के चेक भी प्रदान किए गए। समारोह में डेयरी एवं पशुपालन क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर पशुपालकों को जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने कहा कि डेयरी व्यवसाय किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और आधुनिक डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा देना है। उन्होंने लाभार्थियों से योजनाओं का पूरा लाभ उठाने और वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन अपनाने का आह्वान किया। मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने कहा कि विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ अधिक से अधिक पशुपालकों को इनसे जोड़ा जाए।
कार्यक्रम के दौरान मेरठ मंडल कार्यालय से वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक अर्चना सिंह ने मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना, गौ संवर्धन योजना तथा डेयरी विकास विभाग की अन्य योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। पशुपालकों को स्वदेशी नस्ल के गोवंश के संरक्षण, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, पशुओं के बेहतर पोषण और वैज्ञानिक पशुपालन के संबंध में भी जानकारी दी गई। लाभार्थियों की शंकाओं का समाधान करते हुए योजनाओं के आवेदन, बैंकिंग प्रक्रिया और क्रियान्वयन संबंधी आवश्यक जानकारी भी साझा की गई।
समारोह में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक, कृषि उप निदेशक विभाति चतुर्वेदी, मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी अरविन्द त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में पशुपालकों और लाभार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
सूचना विभाग बागपत