सूचना विभाग की सेवा पर्व प्रदर्शनी में विकसित उत्तर प्रदेश @2047 लक्ष्य प्राप्ति हेतु आगंतुक दे सकेंगे अपने सुझाव
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और राज्य की विकास गाथा की मिलेगी जानकारी
बागपत, 16 सितंबर 2025 — सेवा पर्व के अवसर पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग बागपत द्वारा 17 सितंबर से 02 अक्तूबर तक विकास भवन में विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित करना है। प्रदर्शनी का शुभारंभ कल गणमान्य अतिथियों द्वारा किया जाएगा और इसका समापन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर किया जाएगा।
प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी आकर्षक पैनल, मॉडल, पोस्टर और डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, महिला सशक्तीकरण, स्टार्टअप एवं स्वरोजगार योजनाओं सहित शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र से जुड़ी तमाम योजनाओं की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन में विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं, किसानों और विद्यार्थियों को जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
प्रदर्शनी को जनसंपर्क और संवाद का माध्यम बनाया गया है। इसमें आगंतुकों के लिए योजनाओं से जुड़े क्विज और प्रश्नोत्तरी जैसी रोचक गतिविधियों का भी आयोजन होगा, ताकि लोग योजनाओं के बारे में जानकारी लेने के साथ-साथ अपनी भागीदारी भी दर्ज करा सकें। प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश के विकसित होते स्वरूप की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी। बीते वर्षों में बुनियादी ढांचे, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाओं, उद्योग और निवेश के क्षेत्र में हुई प्रगति को विशेष रूप से दर्शाया जाएगा।
जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी ने बताया कि सेवा पर्व का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को उनके कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना भी है। शासन की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका समझे और सेवा कार्यों से जुड़े। इसी के दृष्टिगत प्रदर्शनी को आकर्षक एवं रचनात्मक बनाया गया है।
प्रदर्शनी का एक बड़ा आकर्षण “समर्थ उत्तर प्रदेश – विकसित उत्तर प्रदेश @2047” अभियान होगा। इसके अंतर्गत प्रदेश सरकार ने नागरिकों से ऑनलाइन सुझाव आमंत्रित किए है ताकि हर वर्ग अपनी आकांक्षाएँ और सुझाव साझा कर सके। इस अभियान का मकसद है कि प्रदेश के विकास की रणनीति केवल योजनाओं और नीतियों तक सीमित न रहे, बल्कि किसानों, युवाओं, महिलाओं, उद्यमियों, शिक्षाविदों, श्रमिकों और समाज के हर वर्ग की भागीदारी पर आधारित हो । सूचना विभाग के स्टॉल पर आगंतुक मौके पर ही अपने सुझाव दे सकेंगे जिसके लिए राज्य युवा पुरस्कार से सम्मानित अमन कुमार के सहयोग से प्रदर्शनी में विशेष कॉर्नर स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही, ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की सामग्री भी प्रदर्शनी का हिस्सा होगी। स्टॉल पर आने वाले आगंतुकों को प्रतिदिन “संदेश” पत्रिका वितरित की जाएगी।
सेवा पर्व का यह आयोजन गांधी जयंती तक चलेगा। गांधीजी के आदर्शों और विचारों को ध्यान में रखते हुए लोगों को सेवा और सहयोग जैसे मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। प्रदर्शनी में आने वाले आगंतुकों को न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी बल्कि वे यह भी समझ पाएंगे कि इन योजनाओं का लाभ उठाकर वे अपने जीवन स्तर को कैसे सुधार सकते हैं और प्रदेश को विकसित भारत बनाने की दिशा में योगदान दे सकते हैं।
सूचना विभाग बागपत