बागपत 25 जुलाई 2026—
जिलाधिकारी अस्मिता लाल के निर्देशन में जनपद बागपत में अवैध रूप से आतिशबाजी सामग्री के भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत आज बड़ी कार्रवाई की गई।
उपजिलाधिकारी बागपत दिग्विजय सिंह एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी सुकन्या शर्मा के पर्यवेक्षण में कोतवाली बागपत प्रभारी निरीक्षक मनोज चाहल तथा टटीरी चौकी प्रभारी सीमा सिंह की टीम ने टटीरी क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध रूप से गोदाम में भंडारित आतिशबाजी सामग्री जब्त की।
कार्रवाई के दौरान लगभग पांच गाड़ी आतिशबाजी अवैध रूप से गोदाम में भंडारण से आतिशबाजी सामग्री बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹40 लाख आंकी गई है। समस्त आतिशबाजी सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया गया है।
उपजिलाधिकारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि जब्त की गई आतिशबाजी सामग्री टटीरी निवासी अंकित अग्रवाल के गोदाम में अवैध रूप से भंडारित की गई थी। इस संबंध में संबंधित के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति के विस्फोटक एवं आतिशबाजी सामग्री का भंडारण कानून का उल्लंघन है। जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
सूचना विभाग बागपत