आस्था का सम्मान, सुरक्षा का संकल्प—कांवड़ यात्रा के लिए बागपत तैयार
बागपत 25 जुलाई 2026 —श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जिलाधिकारी अस्मिता लाल के नेतृत्व में जनपद के सभी संबंधित विभाग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी श्रद्धा, आस्था एवं समर्पण भाव से कर रहे हैं। शिवभक्तों के सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक आवागमन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। तैयारियों की समीक्षा समय-समय पर उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी की जा रही है।
जनपद बागपत से होकर गुजरने वाले प्रमुख कांवड़ मार्ग—भडल, बरनावा, डेरा सच्चा सौदा, शेखपुरा, गल्हैता, चिरचिटा, मविकला,मविखुर्द एवं परशुरामेश्वर पुरा महादेव—के साथ साथ अन्य मार्गो पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
इसी क्रम में शेखपुरा से गल्हैता के मध्य कांवड़ मार्ग पर वर्षा के कारण हुए कटान को जिला पंचायत द्वारा तत्काल संज्ञान में लेते हुए ह्यूम पाइप डालकर एवं सैंड बैग लगाकर मार्ग को सुरक्षित एवं सुगम बनाया गया है। साथ ही कांवड़ मार्ग की मरम्मत कर उसे समतल किया जा रहा है, ताकि मार्ग पर कंकड़-पत्थर न रहें और शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर मरम्मत कार्य निरंतर जारी है। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग की सुविधा एवं प्रमुख स्थानों पर हाई मास्क लाइटें भी स्थापित की जा रही हैं। कावड़ मार्ग पर सूखे पेड़ जो खड़े हैं उन्हें भी वन विभाग द्वारा पेड़ो का कटान कराया जा रहा है गूलर के पेड़ों की छटाई की जा रही है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि जनपद से होकर गुजरने वाले प्रत्येक शिवभक्त का श्रद्धा और सम्मान के साथ स्वागत किया जाए तथा उनकी यात्रा सुरक्षित, सुगम एवं सकुशल संपन्न हो। इसी भावना के साथ सभी विभाग समन्वित रूप से निरंतर कार्य कर रहे हैं।
सूचना विभाग बागपत