

सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर परिवहन विभाग व ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
60 चालान, 8 ओवरलोड वाहन चालान/सीज, मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 7 बुलेट पर कार्रवाई
जनपद बागपत में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) विपिन कुमार के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सहारनपुर हाईवे सहित विभिन्न स्थानों पर ओवर स्पीडिंग, रॉन्ग साइड वाहन चलाना, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट तथा नो पार्किंग जैसे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए 60 चालान किए गए।
इसके अतिरिक्त 8 ओवरलोड वाहनों के चालान/सीज की कार्रवाई की गई। वहीं मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 7 बुलेट मोटरसाइकिलों के विरुद्ध चालान करते हुए उनके साइलेंसर बंद/हटाने की कार्रवाई भी की गई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी विपिन कुमार ने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा वाहन में किसी भी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से समझौता करने वालों के विरुद्ध परिवहन विभाग एवं पुलिस की संयुक्त प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।