बागपत 20 जुलाई 2026—-कृषि विश्वविद्यालय, मेरठ में आयोजित दीक्षांत समारोह के अवसर पर उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जनपद बागपत के जिलाधिकारी अस्मिता लाल एवं मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
जनपद बागपत में जिलाधिकारी अस्मिता लाल के नेतृत्व में एचपीवी टीकाकरण अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया गया। अभियान के अंतर्गत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। जनपद को कुल 15,885 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसके सापेक्ष अब तक 5,839 किशोरियों का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया जा चुका है जिसमें अब तक 35% कवरेज किया गया है जनपद बागपत मेरठ मंडल में प्रथम स्थान पर और प्रदेश में आठ वें स्थान पर एचपीवी टीकाकरण के कार्य में है।
अभियान की सफलता के लिए जिलाधिकारी ने स्वयं स्कूलों एवं कॉलेजों का भ्रमण कर छात्राओं को टीकाकरण के महत्व के प्रति प्रेरित किया। साथ ही अभिभावकों को भी जागरूक करते हुए टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर किया गया। स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से जनपद बागपत ने मेरठ मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया तथा जनपद बागपत की कार्यशैली, प्रभावी नेतृत्व और टीमवर्क की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जनजागरूकता आधारित प्रयास समाज को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सूचना विभाग बागपत