माननीय मंत्री जयंत चौधरी जी व माननीय मंत्री केपी मलिक जी ने बाबा शाहमल स्टेडियम बड़ौत में लगाया रुद्राक्ष का पौधा
एक पौधा लगाएँ, प्रकृति संरक्षण का संकल्प निभाएँ।
बागपत, 12 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की प्रेरणा तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेशभर में आज 35 करोड़ पौधरोपण महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। इस महाअभियान के अंतर्गत जनपद बागपत को 15,01,050 पौधे 3,353 स्थलों पर रोपित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। अभियान के तहत जनपद में 45 से अधिक प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में बाबा शाहमल स्टेडियम, बड़ौत में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), शिक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री तथा राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उनके साथ उत्तर प्रदेश सरकार के वन, पर्यावरण एवं जंतु उद्यान राज्य मंत्री के पी मलिक, माननीय सांसद डॉक्टर राजकुमार सांगवान व छपरौली विधायक अजय कुमार,भाजपा जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा, रालोद जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर तथा गौ सेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री श्री जयंत चौधरी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय मंत्रियों ने रुद्राक्ष का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर जयंत चौधरी ने कहा, “एक पौधा लगाएँ, प्रकृति संरक्षण का संकल्प निभाएँ। आज लगाया गया पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए अत्यंत लाभदायक होगा। ‘एक पेड़ मातृभूमि के नाम’ के माध्यम से हम उस पवित्र मिट्टी के प्रति अपना कर्तव्य निभा रहे हैं, जिसने हमारा पोषण किया है।”
उन्होंने जनपदवासियों से अधिकाधिक संख्या में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जनपद के सभी विभागों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न स्थलों पर पौधारोपण किया।इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री जयंत चौधरी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा जनपद बागपत की स्किल डेवलपमेंट पुस्तिका का विमोचन भी किया। जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने उन्हें “UP 17” नामक स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता करते हुए जनपद बागपत को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने का संकल्प लिया।
सूचना विभाग बागपत