बागपत/बड़ौत/गुराना, 5 जुलाई 2026





विभिन्न मांगों को लेकर पूर्व सांसद प्रत्याशी सुभाष कश्यप का मध्यरात्रि धरना
बागपत। जनपद बागपत में क्षेत्रीय समस्याओं और जनहित की मांगों को लेकर पूर्व सांसद प्रत्याशी सुभाष चंद कश्यप ने शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि (4-5 जुलाई 2026) को बड़ौत-गुराना मार्ग स्थित देहरादून एक्सप्रेसवे के सराय रोड अंडरपास के नीचे एक घंटे का सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। धरना रात 12 बजे से प्रातः 1 बजे तक चला।
धरने के दौरान सुभाष चंद कश्यप ने कहा कि अक्षरधाम-दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार और संबंधित अधिकारियों से मांग की कि बड़ौत-बाजितपुर मेरठ स्टेट हाईवे अथवा बड़ौत-गुराना मार्ग पर एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए कट (इंटरचेंज) उपलब्ध कराया जाए। यदि यह संभव नहीं है तो बड़ौत-बिजरोल मार्ग टोल प्लाजा से बड़ौत-गुराना मार्ग तक सर्विस रोड का निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
सुभाष चंद कश्यप ने कहा कि यह धरना सरकार और प्रशासन का ध्यान क्षेत्र की जनसमस्याओं की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
धरना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से क्षेत्रहित में शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की। बड़ौत कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार का कहना है कि सुभाष कश्यप ने शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि धरने पर बैठे थे उनका 1 घंटे का धरना शांतिपूर्ण समाप्त हुआ मौके पर भरी पुलिस बल भी तैनात रहा।