
बागपत, 29 जून 2026—दानवीर शिरोमणि भामाशाह की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट सभागार में ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ का आयोजन जिलाधिकारी अस्मिता लाल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी एवं संयुक्त आयुक्त राज्य कर, रेंज-बी मेरठ श्रीमती अनिता गर्ब्याल सहित राज्य कर विभाग के अधिकारी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, उद्यमी, व्यापारी एवं अधिवक्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद बागपत में सर्वाधिक कर जमा करने वाली पांच प्रमुख फर्मों को उनके उत्कृष्ट कर योगदान के लिए “भामाशाह सम्मान” से सम्मानित किया गया।
सम्मानित फर्में:

थिंक गैस बागपत प्राइवेट लिमिटेड, बली (बागपत)
भारत ऑटो एजेंसी, दिल्ली रोड, बड़ौत
चौधरी एसोसिएट, ग्राम तिलवाड़ा, बड़ौत
चौधरी फोम हाउस, दिल्ली-सहारनपुर रोड, बागपत
एस.बी.ई.सी. शुगर लिमिटेड, ग्राम मलकपुर, बड़ौत

जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने सम्मानित करदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि करदाता एवं व्यापारी देश और प्रदेश के आर्थिक विकास के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से कर अदा करने वाले व्यापारी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा शासन ऐसे करदाताओं को सम्मानित कर उनके योगदान को प्रोत्साहित कर रहा है।
इस अवसर पर उपायुक्त राज्य कर राजेन्द्र प्रसाद चौरसिया, सहायक राज्य कर अधिकारी शशि प्रकाश, सहायक आयुक्त सचल दल इकाई गगन बिहारी, व्यापार मंडल बागपत के जिला अध्यक्ष अभिमन्यु गुप्ता, टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधीर जैन सहित अनेक व्यापारी, उद्यमी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य कर अनुपालन को बढ़ावा देना तथा व्यापारियों के योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करना रहा।
सूचना विभाग बागपत
