ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा, दुर्घटनाएं रोकने के लिए सख्त प्रवर्तन
बागपत, 16 जून 2026—
जिलाधिकारी अस्मिता लाल के निर्देशन में जनपद में सड़क सुरक्षा एवं परिवहन नियमों के प्रभावी अनुपालन हेतु ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) विपिन कुमार के नेतृत्व में जनपद में व्यापक जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर एआरटीओ विपिन कुमार व यात्री कर अधिकारी संदीप जयसवाल द्वारा वाहनों की सघन जांच की गई, जिसमें ओवरलोड एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए 15 वाहनों का चालान तथा निरुद्धीकरण किया गया। एआरटीओ ने स्पष्ट कहा कि जनपद में वाहनों का संचालन केवल परिवहन नियमों के अनुरूप ही किया जाएगा तथा किसी भी वाहन स्वामी द्वारा ओवरलोड वाहन संचालित किए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विभाग की सतत निगरानी एवं प्रवर्तन कार्रवाई के कारण जनपद की सड़कों पर ओवरलोड वाहनों की संख्या में कमी आई है। परिवहन विभाग की टीम सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर सक्रिय है।
एआरटीओ ने स्कूल वाहनों की फिटनेस को लेकर भी विशेष चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि केवल फिट एवं मानकों के अनुरूप वाहन ही सड़कों पर संचालित किए जाएं। यदि कोई अनफिट स्कूल वाहन संचालित पाया जाता है तो उसके विरुद्ध तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों एवं नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी अनफिट अथवा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन की सूचना परिवहन विभाग को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जनपद में सड़क सुरक्षा, यात्री सुरक्षा एवं परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
सूचना विभाग बागपत
