बागपत 22 मार्च 2026 —उत्तर प्रदेश सरकार के नव निर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न प्रमुख स्थलों, चौराहों, तिराहों, गांवों एवं विद्यालयों में सांस्कृतिक दलों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अवसर पर विभाग के सांस्कृतिक दलों द्वारा नुक्कड़ नाटकों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दी गईं, जिनके माध्यम से आमजन को प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। इन प्रस्तुतियों में कानून व्यवस्था की सुदृढ़ता, यातायात नियमों के पालन, युवाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने हेतु संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही बेटी के जन्म से लेकर उसके पालन-पोषण, शिक्षा एवं विवाह तक की विभिन्न योजनाओं को नाट्य रूपांतरण के माध्यम से सरल एवं रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया, जिससे समाज के सभी वर्गों में सकारात्मक संदेश पहुंचा।
कार्यक्रमों में स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। उपस्थित जनसमूह ने इन प्रस्तुतियों को सराहा और सरकार की योजनाओं के प्रति अपनी जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाने का संकल्प लिया।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से जनमानस तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
सूचना विभाग बागपत