बागपत में बांस बनेगा बाढ़ से सुरक्षा का कवच
बाढ़ नियंत्रण हेतु प्रकृति-आधारित दीर्घकालिक समाधान की दिशा में अभिनव पहल
हरित पहल से बाढ़ पर प्रहार जिलाधिकारी ने शुरू किया अभिनव अभियान
बागपत, 23 मार्च 2026— जनपद बागपत में बाढ़ नियंत्रण एवं न्यूनीकरण के लिए सतत, प्रभावी एवं पर्यावरण-अनुकूल उपायों को बढ़ावा देते हुए जिलाधिकारी अस्मिता लाल के नेतृत्व में एक अभिनव पहल की गई।
यमुना नदी के तटवर्ती बाढ़ प्रभावित ग्राम सुभानपुर, जहां वर्ष 2023 में बांध कटान की घटना हुई थी तथा वर्ष 2025 में भी क्षेत्र की संवेदनशीलता बनी रही, वहां दीर्घकालिक समाधान की आवश्यकता को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी द्वारा वन विभाग के समन्वय से व्यापक वृक्षारोपण अभियान प्रारंभ किया गया।
इसी क्रम में आज जिलाधिकारी द्वारा ग्राम सुभानपुर में पहुंच कर बांस, अर्जुन एवं जामुन के पौधों का रोपण कर अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर 2000 से अधिक पौधे लगाए गए, जिससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को हरित एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बांस के पौधों की जड़ें अत्यंत मजबूत एवं घनी होती हैं, जो मिट्टी के कटाव को रोकने में सहायक हैं। साथ ही, इनके घने झुरमुट बाढ़ के जल प्रवाह को नियंत्रित कर प्राकृतिक अवरोध के रूप में कार्य करते हैं, जिससे आसपास के खेतों एवं आबादी को सुरक्षा मिलती है।
उन्होंने आगे कहा कि यह परियोजना बाढ़ सुरक्षा के लिए एक सतत, पारिस्थितिक एवं दीर्घकालिक समाधान का उत्कृष्ट उदाहरण है। जनपद बागपत इस पहल के माध्यम से प्रदेश में नवाचार एवं पर्यावरण-अनुकूल बाढ़ प्रबंधन के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
इस अभियान से जहां एक ओर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर स्थानीय ग्रामीणों के लिए बांस आधारित आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उक्त कार्यक्रम में ग्राम पंचायत, स्थानीय कृषकों एवं संबंधित विभागों का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ। जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान की नियमित निगरानी एवं समुचित देखभाल सुनिश्चित की जा रही है, जिससे इसकी दीर्घकालिक सफलता सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की प्रकृति-आधारित पहलों को प्रोत्साहित किया जाता रहेगा, जिससे सतत विकास एवं जनकल्याण के लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सके।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी विनोद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी राहुल वर्मा, वन क्षेत्राधिकारी श्री सरवन कुमार यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित
सूचना विभाग बागपत