मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया सजीव प्रसारण
हर गरीब को पक्का घर देने का संकल्प: बागपत में लाभार्थियों को मिले आवास स्वीकृति पत्र
बागपत में आवास योजना की रफ्तार तेज, अब तक 1511 लाभार्थियों को मिला लाभ
स्वीकृति पत्र मिलते ही खिल उठे चेहरे, पक्का घर बनाने की शुरू होगी तैयारी
बागपत, 16 मार्च 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत आज प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से 90 हजार लाभार्थियों को प्रथम किस्त की डीबीटी राशि वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर जनपद बागपत में कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय राज्य मंत्री वन एवं पर्यावरण विभाग केपी मलिक तथा जिलाधिकारी अस्मिता लाल की उपस्थिति में लाभार्थियों ने कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा।
कार्यक्रम के दौरान जनपद के पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। राज्य मंत्री केपी मलिक ने अपने हाथों से 15 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान कर उनका सम्मान बढ़ाया और उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर लाभार्थियों के चेहरों पर अपने पक्के घर के सपने के साकार होने की खुशी साफ दिखाई दी।
अपने संबोधन में राज्य मंत्री केपी मलिक ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि देश और प्रदेश का कोई भी परिवार बिना छत के न रहे। हर व्यक्ति के जीवन में रोटी, कपड़ा और मकान जैसी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति हो, इसी संकल्प के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार केवल मकान उपलब्ध कराने तक ही सीमित नहीं है बल्कि आम नागरिक के जीवन को बेहतर बनाने के लिए अनेक योजनाओं के माध्यम से काम कर रही है। उज्ज्वला योजना के तहत गरीब परिवारों को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से राशन वितरण सुनिश्चित किया गया और घर-घर विद्युत आपूर्ति का भी विस्तार किया गया है। इसी प्रकार स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत प्रत्येक घर में शौचालय निर्माण का कार्य भी कराया गया, जिससे लोगों को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिला है।
राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य केवल मकान बनाना नहीं बल्कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन देना है। उन्होंने बताया कि आज मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से लगभग 900 करोड़ रुपये की अनुदान राशि हस्तांतरित की गई है। इस सहायता राशि से लाभार्थी अपने घर का निर्माण कार्य प्रारंभ कर सकेंगे।
उन्होंने लाभार्थियों से कहा कि यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके और किसी प्रकार की बिचौलिया व्यवस्था समाप्त हो। उन्होंने लाभार्थियों को निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति उनसे धनराशि की मांग करता है या किसी प्रकार का दबाव बनाता है तो वे तत्काल जिला प्रशासन को इसकी सूचना दें। राज्य मंत्री ने लाभार्थियों को यह भी समझाया कि आज उन्हें मकान के लिए स्वीकृति पत्र दिया गया है और प्रथम किस्त की धनराशि प्राप्त हो रही है। मकान निर्माण की प्रगति के अनुसार आगे की किस्तें भी उनके खाते में भेजी जाएंगी। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही मकान का निर्माण कार्य कराएं।
राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य यही है कि हर परिवार के पास अपना पक्का घर हो और कोई भी व्यक्ति आवास से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और आने वाले समय में भी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को लाभ पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिले। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे डीबीटी के माध्यम से धनराशि भेजी जाती है, जिससे प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहती है।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने लाभार्थियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे प्राप्त धनराशि का उपयोग केवल मकान निर्माण के लिए करें और समय पर निर्माण कार्य पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी ताकि योजना का लाभ सही तरीके से लाभार्थियों तक पहुंचे।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद बागपत में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत लगातार प्रगति की जा रही है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व 16 जनवरी को 1221 लाभार्थियों को प्रथम किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में अंतरित की गई थी। आज के कार्यक्रम के साथ मिलाकर अब तक जनपद में कुल 1511 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत लाभ प्रदान किया जा चुका है।
वहीं कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने भी अपनी खुशी व्यक्त की और कहा कि सरकार की इस योजना से उनका वर्षों पुराना सपना पूरा होने जा रहा है। कई लाभार्थियों ने बताया कि अब उन्हें अपना पक्का घर मिलने जा रहा है, जिससे उनके परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिलेगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 का उद्देश्य शहरों में रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है। इस योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को चरणबद्ध तरीके से वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है, जिससे वे अपने मकान का निर्माण कर सकें। योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती है।
कार्यक्रम का समापन लाभार्थियों को योजना की जानकारी देने और उन्हें भविष्य में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जागरूक करने के साथ हुआ।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व विनीत कुमार उपाध्याय, उप जिलाधिकारी /परियोजना अधिकारी मनीष यादव सहित हरकेश शर्मा एमएलसी प्रतिनिधि व विभिन्न अधिकारीगण मौजूद रहे।
सूचना विभाग बागपत