बागपत में 26 नवंबर को गूंजेगा ‘एक स्वर, एक संविधान’ का संदेश, जिले के सभी विद्यालयों में दिलाई जाएगी संविधान की शपथ
संविधान दिवस पर होगा विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम, लीगल कैडेट कोर की घोषणा के साथ संविधान पर होंगी प्रतियोगिताएं
बागपत दिनांक 25 नवंबर 2026 — भारतीय संविधान के मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों और संवैधानिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद बागपत में 26 नवंबर 2026 को विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा श्री इन्दर प्रीत सिंह जोश, माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जनपद बागपत के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित होगा। सुबह 9 बजे श्री यमुना इंटर कॉलेज, बागपत में ‘संविधान संवाद’ संबंधी संविधान जागरूकता अभियान के अंतर्गत ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा स्थानीय नागरिकों के बीच भारतीय संविधान के सिद्धांतों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के दौरान संवैधानिक मूल्यों में एकता, राष्ट्रीय अखंडता और लोकतांत्रिक भावना को सुदृढ़ करने पर विशेष चर्चा की जाएगी। इसके माध्यम से लोगों को संविधान में दिए गए अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देने के साथ ही संवैधानिक आदर्शों के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
सुभाष चंद कश्यप · पूर्व सैनिक, समाजसेवी व संपादक · ✊ 16 जन आंदोलनजीवन यात्रा देखें →
सुश्री अंकिता सिंह, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बागपत ने बताया कि ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम के तहत 26 नवंबर 2026 को सुबह 9 बजे जनपद न्यायालय तथा जनपद बागपत के प्रत्येक विद्यालय में भारतीय संविधान की उद्देशिका की सामूहिक शपथ भी ग्रहण की जाएगी। इस आयोजन का उद्देश्य संविधान की प्रस्तावना में निहित मूल्यों, आदर्शों और संकल्पों के प्रति लोगों की प्रतिबद्धता को मजबूत करना है। जिलेभर में एक साथ होने वाले इस आयोजन के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान और जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। संविधान दिवस के अवसर पर जनपद बागपत के विद्यालयों में लीगल कैडेट कोर की घोषणा भी की जाएगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए संविधान विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की बेहतर समझ विकसित करने, संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भूमिका और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाने का प्रयास किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में आयोजित यह अभियान संविधान के सिद्धांतों, राष्ट्रीय एकता और नागरिक कर्तव्यों के संदेश को विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों तक पहुंचाने की दिशा में आयोजित किया जा रहा है।
सूचना विभाग बागपत

