अब एक कॉल पर मिलेगी मतदाता सूची की पूरी जानकारी, बागपत कलेक्ट्रेट में शुरू हुआ वोटर हेल्पलाइन सेंटर
1950 टोल फ्री नंबर और 0121-2222870 पर मिलेगी निर्वाचन से जुड़ी सभी जानकारी, स्वीप बागपत एप से हुआ लिंक
बागपत दिनांक 25 नवंबर 2026 — मतदाता सूची में नाम है या नहीं, नाम जुड़वाने के लिए क्या करना होगा और किसी प्रविष्टि में गलती है तो उसे कैसे सुधरवाएं? इन सवालों के जवाब के लिए अब मतदाताओं को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर यानी वोटर हेल्पलाइन सेंटर एक फोन कॉल पर निर्वाचन संबंधी जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध करा रहा है। 17 नवंबर से शुरू हुई इस सुविधा के माध्यम से अब तक सैकड़ों मतदाता संपर्क कर सहायता प्राप्त कर चुके हैं। हेल्पलाइन पर सबसे अधिक कॉल मतदाता सूची में अपना नाम जांचने को लेकर आ रही हैं। ऐसे कॉलरों को सेंटर के माध्यम से स्वीप बागपत एप की जानकारी दी जा रही है। साथ ही एप के जरिए नाम जांचने और संबंधित प्रक्रिया समझने में मदद की जा रही है। इससे मतदाता घर बैठे ही अपनी निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त करने का तरीका जान पा रहे हैं। विशेषकर उन लोगों के लिए यह सुविधा उपयोगी है, जिन्हें ऑनलाइन प्रक्रिया की पूरी जानकारी नहीं है या जो यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं।
सुभाष चंद कश्यप · पूर्व सैनिक, समाजसेवी व संपादक · ✊ 16 जन आंदोलनजीवन यात्रा देखें →
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार स्थापित इस सेंटर पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने, नाम अपमार्जित कराने तथा पहले से दर्ज नाम, पते या अन्य प्रविष्टियों में संशोधन की प्रक्रिया भी समझाई जा रही है। यानी पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं से लेकर अपने विवरण में सुधार कराने वाले नागरिकों तक, सभी इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। इससे मतदाताओं का समय बचेगा और निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं को समझना आसान होगा। स्वीप बागपत एप और हेल्पलाइन के समन्वय से डिजिटल माध्यमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास किया जा रहा है।
सूचना विभाग बागपत

