आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं एसपी ने बड़ौत विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का किया स्थलीय निरीक्षण, व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने के दिए निर्देश
मतदान केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करें अधिकारी, मतदाताओं को न हो किसी प्रकार की असुविधा: जिलाधिकारी
बागपत, 25 नवम्बर 2026—/
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल एवं पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह ने आज संयुक्त रूप से बड़ौत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी तैयारियों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्राथमिक विद्यालय नंबर-2 गौरीपुर जवाहर नगर, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज बड़ौत, जैन स्थानकवासी गर्ल्स डिग्री कॉलेज तथा वीर स्मारक इंटर कॉलेज बड़ौत का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) दिग्विजय सिंह भी उपस्थित रहे।
सुभाष चंद कश्यप · पूर्व सैनिक, समाजसेवी व संपादक · ✊ 16 जन आंदोलनजीवन यात्रा देखें →
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर रैंप की व्यवस्था दुरुस्त रहे, जिससे दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं को मतदान करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदान केंद्र का नाम, संबंधित अधिकारी का नाम, बूथ संख्या सहित आवश्यक सूचनाएं स्पष्ट रूप से अंकित कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन की तैयारियां अभी से गंभीरता एवं प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ कर दी जाएं। सभी संबंधित अधिकारी इलेक्शन मोड में कार्य करें तथा अपने-अपने आवंटित प्रत्येक बूथ का स्वयं स्थलीय निरीक्षण अवश्य करें। मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, रैंप एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन की तैयारियां जितनी पहले से व्यवस्थित एवं बेहतर होंगी, निर्वाचन प्रक्रिया को उतनी ही सुगमता और कुशलता के साथ संपन्न कराया जा सकेगा। प्रत्येक मतदाता को मतदान के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए तथा किसी भी मतदाता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह ने भी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक पुलिस प्रबंधों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के दौरान शांति, कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा के दृष्टिगत सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण की जाएं।
मतदाताओं की सुविधा के लिए डिजिटल सेवाएं भी उपलब्ध
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के मतदाताओं से अपील की कि वे निर्वाचन संबंधी विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाने के लिए ‘स्वीप बागपत एप’ से जुड़ें। इसके माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम खोजने, बीएलओ से संपर्क करने, हेल्पलाइन नंबर-1950 सहित भारत निर्वाचन आयोग की विभिन्न डिजिटल सेवाओं का लाभ एक क्लिक पर प्राप्त किया जा सकता है।
स्वीप बागपत एप का लिंक:
🔗 https://linktr.ee/SveepBaghpat
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, ताकि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
सूचना विभाग बागपत

