Breaking उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के कादरचौक थाना क्षेत्र के लभारी गांव में सामने आए वायरल वीडियो ने पूरे घटनाक्रम को अचानक सुर्खियों में ला दिया है। वीडियो में एक युवती जलती झोंपड़ी के सामने खड़ी होकर पुलिस-प्रशासन और लेखपाल पर गंभीर आरोप लगाती दिखाई दे रही है। युवती का आरोप है कि जबरन घर में घुसकर उसकी झोंपड़ी में आग लगा दी गई। इसी दौरान वह आक्रोश में फूलन देवी बनकर बदला लूंगी, कहती सुनाई देती है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गांव से लेकर सोशल मीडिया तक घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। वीडियो में लगाए गए आरोपों की NBT किसी भी तरह की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता। सोशल मीडिया पर युवती की पहचान को लेकर किए जा रहे अपने अलग दावे हैं।
एफआईआर की जानकारी
वहीं एफआईआर घटनाक्रम की दूसरी तस्वीर सामने रखती है। एफआईआर के मुताबिक लभारी निवासी नन्ही देवी ने अपनी भूमि की पैमाइश कराकर कब्जा दिलाने के लिए एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बाद 29 सितंबर को राजस्व टीम पुलिस बल के साथ गांव पहुंची और भूमि की पैमाइश कर संबंधित पक्ष को कब्जा दिलाने की कार्रवाई की गई।
लेखपाल ने दी जानकारी
हल्का लेखपाल धीरेंद्र सिंह की तहरीर के मुताबिक आरोप है कि कार्रवाई के बाद मौके पर डाली गई नींव को दूसरे पक्ष के लोगों ने उखाड़ दिया। शिकायत मिलने पर एक अक्टूबर को लेखपाल धीरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ दोबारा मौके पर पहुंचे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और झोंपड़ी में आग लगने की घटना सामने आई।