सूचना विभाग की सेवा संकल्प प्रदर्शनी में जुटी बागपत की युवा शक्ति
सूचना विभाग की सेवा संकल्प प्रदर्शनी में जुटी बागपत की युवा शक्ति
भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने किया शुभारंभ, प्रदर्शनी में पहुंचे युवाओं से किया योजनाओं पर संवाद
सेवा संकल्प अभियान: योजनाओं से बदली जिंदगी की कहानी, युवाओं ने खुद सुनाई अपनी जुबानी
युवाओं को पढ़कर सुनाई योगी की पाती, मुख्यमंत्री की संदेश पत्रिका और आगे बढ़ने का आत्मविश्वास लेकर लौटे युवा
बागपत दिनांक 02 अक्टूबर 2026 —- कलेक्ट्रेट लोकमंच पर सेवा संकल्प प्रदर्शनी का शुभारंभ होते ही तस्वीरों और योजनाओं से सजे परिसर में युवाओं की आवाजाही शुरू हो गई। कोई प्रदर्शनी में लगी विकास यात्रा की तस्वीरों को मोबाइल में कैद करता नजर आया तो कोई सरकारी योजनाओं की जानकारी लेते हुए। गांवों से आए युवाओं का एक समूह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और 25 वर्षों की जनसेवा पर आधारित चित्र प्रदर्शनी देख रहा था, वहीं दूसरी ओर कुछ युवा स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं के बारे में जानकारी लेते दिखाई दिए। कलेक्ट्रेट लोकमंच पर सूचना विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी में योजनाओं की जानकारी के साथ उनसे जुड़े बदलाव, युवाओं की आकांक्षाएं और विकसित भारत के संकल्प को एक साथ सामने लाने का प्रयास किया गया।
प्रदर्शनी का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने किया। शुभारंभ के बाद अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। चित्र दीर्घा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा से जुड़ी तस्वीरों और सामग्री को देखा गया। इसके साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विकसित भारत-2047 के संकल्प से जुड़ी सामग्री का भी अवलोकन किया। अवलोकन के दौरान ही प्रदर्शनी का रुख युवाओं की ओर मुड़ गया। जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने विभिन्न गांवों से आए युवाओं से सीधे संवाद किया और उनसे योजनाओं से जुड़े अनुभव पूछे। माय भारत से जुड़े युवाओं ने बताया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं ने उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया और कई स्तरों पर उन्हें संबल मिला। बातचीत के दौरान युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार भी व्यक्त किया। युवाओं के अनुभव सुनने के बाद उन्हें मुख्यमंत्री की संदेश पत्रिका वितरित की गई। कुछ युवाओं ने अपनी पढ़ाई, रोजगार और भविष्य की योजनाओं से जुड़े सवाल भी साझा किए जिसके जवाब में उन्ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिली।
युवाओं से यह संवाद प्रदर्शनी के उस हिस्से से जुड़ गया, जहां योजनाओं को लोगों के जीवन में आए बदलाव के माध्यम से दिखाने का प्रयास किया गया है। एक तरफ तस्वीरों में विकास की कहानी थी तो दूसरी तरफ सामने खड़े युवा अपने अनुभव बता रहे थे। इसी माहौल में सूचना विभाग की ओर से युवाओं को सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य से भी जोड़ा गया।
जिला सूचना अधिकारी ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को विकसित भारत के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। इसके बाद बातचीत सीधे युवाओं के भविष्य और रोजगार के अवसरों पर पहुंची। युवाओं से पूछा गया कि वे आगे क्या करना चाहते हैं, उनके क्या आइडिया हैं और किस क्षेत्र में अपना काम शुरू करना चाहते हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की जानकारी देते हुए युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता की संभावनाओं के बारे में बताया गया। युवाओं ने भी अपने-अपने विचार साझा किए। प्रदर्शनी में मौजूद माय भारत स्वयंसेवकों से उनकी जरूरत और रुचि के बारे में पूछा गया। रोजगार, स्वरोजगार और नए उद्यम शुरू करने की संभावनाओं पर बात हुई। इस दौरान यह भी समझाने का प्रयास किया गया कि युवा सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपने लिए अवसर तैयार करने के साथ दूसरे युवाओं के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं।
युवाओं के बीच ‘योगी की पाती’ पढ़कर सुनाई गई। संदेश के माध्यम से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ने और देश के विकास में युवाओं की भागीदारी के भाव को सामने रखा गया। लोकमंच पर लगी प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, फसल बीमा योजना और कौशल विकास समेत विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई है। किसान परिवारों से आए युवा कृषि और फसल बीमा से जुड़ी जानकारी लेते नजर आए, जबकि युवाओं का ध्यान कौशल विकास और स्वरोजगार से संबंधित सामग्री पर अधिक रहा। महिलाओं ने स्वास्थ्य, आवास और आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी ली।
प्रदर्शनी में लगी चित्र दीर्घा का एक अलग ही माहौल रहा। पिछले 25 वर्षों की विकास यात्रा से जुड़ी तस्वीरों के सामने युवा उन्हे निरंतर पढ़ते रहे। आधारभूत ढांचे में बदलाव, आत्मनिर्भर भारत की दिशा में प्रयास और विकसित भारत-2047 के संकल्प को चित्रों के माध्यम से जोड़ने का प्रयास किया गया है। इस हिस्से में बीते वर्षों की उपलब्धियों के साथ भविष्य के लक्ष्य को भी सामने रखा गया है। इसी बीच लोकमंच पर बने सेल्फी प्वाइंट के आसपास युवाओं की भीड़ रही। युवाओं के साथ प्रदर्शनी देखने आईं महिलाओं और अन्य आगंतुकों ने भी तस्वीरें खिंचवाईं। मोबाइल कैमरों में कैद होते इन पलों ने प्रदर्शनी के माहौल को कुछ देर के लिए उत्सव जैसा बना दिया। युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए फोटोग्राफी, रील और अन्य प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ जिसमें विजेताओं को पुस्तकें दी गई।
सूचना विभाग की ओर से आयोजित प्रदर्शनी का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी को आमजन तक पहुंचाना है। प्रदर्शनी जनपद के सभी नागरिकों के लिए संचालित है और प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक खुली रहेगी। परिवार के साथ पहुंचकर लोग विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेने के साथ चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकते हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए नागरिकों को योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने की गतिविधियां चल रही हैं।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडे, परियोजना निदेशक राहुल वर्मा, जिला युवा अधिकारी अनिकेत शर्मा, भाजपा मीडिया प्रभारी पवन शर्मा, मंडलाध्यक्ष सुनील मेवला समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सूचना विभाग बागपत