निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दिए निर्देश
बागपत 29 सितंबर 2026 —- माननीय भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उत्तर प्रदेश विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की घोषणा के क्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व राजीव कुमार राय ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, समयबद्ध एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाना है। निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न कार्यों के लिए नियुक्त प्रभारी अधिकारियों एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं निष्पक्षता के साथ करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में विधान परिषद मेरठ खंड स्नातक शिक्षक निर्वाचन 2026 एक चरण में जनपद बागपत में 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। इसके लिए जनपद में 7 मतदान केंद्र एवं 21 मतदान बूथ बनाए गए हैं। वर्तमान में जनपद में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 3,698 मतदाता तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 3,677 मतदाता पंजीकृत हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त प्रभारी अधिकारियों एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप समय से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। निर्वाचन से संबंधित प्रत्येक कार्य में नियमों, प्रक्रियाओं एवं आदर्श आचार संहिता का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न कराने में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर अपर जिला अधिकारी न्यायिक देवेंद्र कुमार पांडे ,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर तीरथ लाल ,जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडे समस्त एसडीएम ,समस्त सीओ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना विभाग बागपत