-इंटरनेशनल ट्रेड शो में विदेशी ग्राहकों को लुभा रहे बागपत ब्लूम के उत्पाद
-अचार-चटनी, बासमती चावल से लेकर मोरिंगा उत्पादों तक की मांग, बी2बी में कई ऑर्डर मिलने की सम्भावना
ग्रेटर नोएडा, 28 सितंबर2026–योगी सरकार के लोकल को ग्लोबल बाजार से जोड़ने और किसान को उद्यमी बनाने के प्रयासों की तस्वीर इंडिया एक्सपो मार्ट में दिखाई दे रही है। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में बागपत ब्लूम के स्टाल पर जिले के किसानों के उत्पाद देशी ही नहीं, विदेशी ग्राहकों को भी आकर्षित कर रहे हैं। बी2बी में कारोबारियों से बातचीत आगे बढ़ रही है, जिससे कई समझौतों की उम्मीद बनी है।
बागपत ब्लूम के स्टाल पर पहुंचते ही पारंपरिक उत्पादों की अलग झलक दिखाई देती है। एक ओर आम, करौंदा, करेला और कटहल के अचार सजे हैं तो दूसरी ओर ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार आम, टमाटर और आंवला की चटनी ग्राहकों का ध्यान खींच रही है। सरसों का तेल, बासमती चावल, मटर, ड्राई मटर, चिया सीड, हल्दी, मसाले और सहजन पाउडर के साथ ज्वार-मोरिंगा और गोंद के लड्डू भी आकर्षण का केंद्र बने हैं। ग्रामीण महिलाओं के बनाए अचार, चटनी और पारंपरिक लड्डू लोगों को पसंद आ रहे हैं। इंटरनेशनल ट्रेड शो में किसानों को आमंत्रित करने का उद्देश्य है कि किसान केवल कच्ची उपज बेचने तक सीमित न रहे, बल्कि मूल्यवर्धन के जरिए अपने उत्पाद का कारोबार भी खड़ा करे।
स्टाल पर दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है। बी2सी में विदेशी ग्राहक उत्पादों की जानकारी लेने के साथ खरीदारी कर रहे हैं। कई ग्राहक अचार और चटनी की सामग्री तथा इन्हें तैयार करने के पारंपरिक तरीके के बारे में पूछ रहे हैं। वहीं बी2बी खरीदार पैकेजिंग, कीमत, आपूर्ति क्षमता और बड़े स्तर पर कारोबार की संभावनाओं पर चर्चा कर रहे हैं। कई कारोबारियों से बातचीत आगे बढ़ने के कारण भविष्य में कारोबारी समझौतों की उम्मीद बनी है।
जिला प्रशासन की पहल पर 23 एफपीओ को जोड़कर तैयार किए गए बागपत ब्लूम से करीब 50 हजार किसान जुड़े हैं। अध्यक्ष कपिल आर्य ने बताया कि ट्रेड शो ने बागपत के किसानों को पहली बार इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने उत्पाद सीधे खरीदारों के सामने रखने का अवसर दिया है। बी2बी में कई कारोबारियों से सकारात्मक बातचीत हो रही है। इससे नए बाजार और कारोबारी समझौते बनने की उम्मीद है।
डायरेक्टर आरती रानी ने बताया कि बासमती चावल, मटर, ड्राई मटर, चिया सीड और सहजन पाउडर को अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। उन्होंने कहा कि विदेशी ग्राहक भी उत्पादों को लेकर उत्सुक हैं। पहली बार इतने बड़े मंच पर आने से किसानों को अपने उत्पादों की बाजार क्षमता समझने का अवसर मिला है।
डायरेक्टर राजीव सिंह ने कहा कि बागपत ब्लूम की यह भागीदारी योगी सरकार के लोकल से ग्लोबल और कृषि को उद्यमिता से जोड़ने के प्रयासों को सामने ला रही है। एफपीओ के जरिए किसानों को संगठित करने से लेकर उनकी उपज का मूल्यवर्धन और फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर बाजार तलाशने तक की पूरी कड़ी यहां दिखाई दे रही है। खेत में पैदा हुई फसल अब मंडी की कीमत पर निर्भर रहने के बजाय ब्रांड, बाजार और कारोबारी समझौते की संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रही है।
सूचना विभाग बागपत