नितिन कुमार सिंह, बागपत। नवनियुक्त जनपद बागपत जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने कलक्ट्रेट स्थित कोषागार में बागपत के 32वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। डीएम ने कहा कि शासन की मंशानुरूप सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी रूप से क्रियान्वयन कराया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सके और पात्र व्यक्ति को योजना से सीधा जोड़ा जा सके। शासन द्वारा जो भी संचालित योजनाएं चलाई जा रही हैं, वह पात्र लोगों तक पहुंचाना हम सबका मुख्य उद्देश्य रहेगा।
वर्तमान में प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप स्वास्थ्य, शिक्षा और विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं को क्रियान्वित किया जाएगा तकनीकी और नवाचारों को विकसित किया जाएगा। उद्योग के क्षेत्र में बागपत को बढ़ावा दिया जाएगा। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने जनपद स्तरीय अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया।
आईएएस दिव्यांशु पटेल 2017 बैच के आइएएस अधिकारी हैं। जिलाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण करने से पहले वह मुरादाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। वह खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के विशेष सचिव एवं अपर आयुक्त, एफएसडीए मुख्य विकास अधिकारी उन्नाव, सहायक मजिस्ट्रेट बाराबंकी के पद पर शासकीय दायित्वों का निर्वहन भली भाटी कर चुके हैं।
एडीएम राजीव कुमार राय, एडीएम न्यायिक देवेंद्र कुमार पांडे, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी मनीष कुमार सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बतादे कि शासन ने बागपत की जिलाधिकारी अस्मिता लाल का तबादला शासन में विशेष सचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण निदेशक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम के निदेशक पद पर कर दिया है। अब मुरादाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल बागपत के जिलाधिकारी होंगे।
मुरादाबाद में 29 जनवरी 2024 से नगर आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे 2017 बैच के आईएएस अफसर दिव्यांशु पटेल का जिलाधिकारी के तौर पर बागपत पहला जिला होगा।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से जिला अंबेडकरनगर निवासी दिव्यांशु पटेल की प्रारंभिक शिक्षा मॉडर्न इंटर कॉलेज बलरामपुर से हुई। उन्होंने वहां के एमएलके कॉलेज से सर्वोच्च अंकों के साथ बीए पास किया था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय और जेएनयू से उच्च शिक्षा प्राप्त की। जेएनयू से उन्होंने पीएचडी भी की है।
2017 बैच के यूपी कैडर के दिव्यांशु पटेल की UPSC में 204 रैंक थी। वह जॉइंट मजिस्ट्रेट बाराबंकी, CDO उन्नाव, विशेष सचिव/अपर आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग रहे।
नगर आयुक्त मुरादाबाद के पद पर ढाई साल से अधिक के कार्यकाल में उन्होंने शहर को नई पहचान दिलाने में उल्लेखनीय प्रयास किए। इनमें संविधान पार्क, वार म्यूजियम, भारतीय खेलो इंडिया पार्क, श्रीराम वाटिका, हनुमान वाटिका जैसे कार्यों को खूब सराहना मिली।
आईएएस अस्मिता लाल ने बागपत में 18 जनवरी 2025 को कार्यभार ग्रहण किया था। बागपत में रहते हुए उन्होंने कई समाज हित में प्रयोग किये जो सफल रहे। जैसे पुरा महादेव मंदिर में कावड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं के छूटे चप्पल जूते से मेट बनवाकर स्कूल में बच्चों को बैठने के लिए दिए।
कई बार कांवड़ मेला से सकुशल संपन्न कराने, जन शिकायतें लेकर आने वाले फरियादियों को मुफ्त में पौधे देने, दिव्यांगों को उपकरण वितरण कराने, शासन की योजनाओं का अच्छे से क्रियान्वयन कराने समित का उल्लेखनीय कार्य किया।
अपनी सहज सरल कार्यशैली के चलते वह किसानों, श्रमिकों तथा आमजन लोकप्रियता अर्जित की। मलकपुर चीनी मिल से 400 करोड रुपये का गन्ना भुगतान किसानों को दिलाने में सफल रही। एक मीडिया हाउस के सर्वे में उन्होंने देश के 100 सर्वश्रेष्ठ जिला अधिकारियों में स्थान प्राप्त किया।