हिंदी सेतु से कालिंदी धारा तक, राजभाषा को जनसेवा से जोड़ रहा बागपत, देशभर में बनाई अलग पहचान
हिंदी राजभाषा को अपनाकर बागपतवासियों की बेहतर सेवा कर सकेंगे संस्थान: सहायक निदेशक
बागपत, दिनांक 24 सितंबर 2026। भारत सरकार के निर्देशानुसार गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा गठित नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 19वीं अर्धवार्षिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार के कार्यालयों, संस्थानों एवं उपक्रमों में हिंदी राजभाषा के प्रयोग को और अधिक प्रभावी बनाने पर मंथन किया गया। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार सहायक निदेशक (कार्यान्वयन) अजय कुमार चौधरी, नराकास अध्यक्ष मिन्हाजुल क़मर एवं नराकास सचिव अभय नाथ मिश्र ने समिति के सदस्य कार्यालयों में केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों, बैंकों एवं बीमा संस्थानों में कार्यालयीन हिंदी के प्रयोग की स्थिति का मूल्यांकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नराकास बागपत के कार्यों से राजभाषा के क्षेत्र में जनपद बागपत को पहली बार गृह मंत्रालय, भारत सरकार से सर्वश्रेष्ठ श्रेणी का पुरस्कार मिलने पर उपस्थित अधिकारियों एवं सदस्यों ने बधाई दी और नई ऊर्जा के साथ हिंदी राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। समिति के अध्यक्ष मिन्हाजुल क़मर तथा सचिव अभय नाथ मिश्र ने कहा कि यह सम्मान नराकास से जुड़े सभी सदस्य कार्यालयों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि समिति आगे भी गृह मंत्रालय की राजभाषा नीति के अनुरूप कार्यालयों में हिंदी के प्रभावी प्रयोग, सदस्य संस्थानों के बीच समन्वय तथा नवाचार आधारित पहलों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।
भारत सरकार की राजभाषा नीति के कार्यान्वयन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी एवं राज्य युवा पुरस्कार विजेता माय भारत स्वयंसेवक अमन कुमार को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी ने बताया कि जब योजनाएं आसान भाषा में लोगों तक पहुँचती है तो उनकी विकास में भागीदारी बढ़ती है जिस दिशा में नराकास बागपत के कार्य सराहनीय रहे जिससे देशभर में जनपद बागपत को भी नई पहचान मिली।
वहीं बैठक के दौरान बागपत जिले के अंतर्गत कार्यरत केंद्र सरकार के विभिन्न कार्यालयों, बैंकों एवं संस्थानों में पिछले छह महीनों के दौरान हिंदी के उपयोग की स्थिति की समीक्षा की गई। सहायक निदेशक अजय कुमार चौधरी ने कहा कि राजभाषा कार्यान्वयन में केंद्र सरकार के सभी कार्यालय रुचि लेकर कार्य करें। राजभाषा हिंदी को कार्यालयीन प्रयोग में लाने से बागपत जनपदवासियों तक सरकार की योजनाओं को बेहतर ढंग से पहुंचाया जा सकता है। भाषा लोगों की सेवा करने का सशक्त माध्यम है। इसे संवैधानिक दायित्व के साथ-साथ नैतिक कर्तव्य एवं सामाजिक दृष्टि से भी देखा जाना चाहिए, क्योंकि यह लोगों से जुड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
इस दौरान अतिथियों ने कालिंदी धारा पत्रिका के विशेषांक एवं कालिंदी विचार फ्रेम का विमोचन भी किया। इनमें हिंदी में हो रहे रचनात्मक कार्यों एवं उपलब्धियों को संकलित किया गया है। वहीं समिति से 22 कार्यालय जुड़ चुके हैं। उन्होंने सदस्य कार्यालयों से सुझाव भी आमंत्रित किए, जिससे समिति की कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूत एवं प्रभावशाली बनाया जा सके।
हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित समीक्षा बैठकों में सक्रिय भागीदारी हेतु पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चांदीनगर, बैंक ऑफ बड़ौदा एवं चौधरी चरण सिंह राष्ट्रीय पशु स्वास्थ्य संस्थान को पुरस्कृत किया गया। वहीं राजभाषा कार्यान्वयन में सराहनीय प्रदर्शन के लिए कार्यालय श्रेणी में चौधरी चरण सिंह राष्ट्रीय पशु स्वास्थ्य संस्थान को प्रथम, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चांदीनगर को द्वितीय, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय शरफाबाद को तृतीय एवं पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बावली को प्रोत्साहन श्रेणी में सम्मानित किया गया। बैंक एवं बीमा श्रेणी में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को प्रथम, बैंक ऑफ बड़ौदा को द्वितीय, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को तृतीय तथा बैंक ऑफ महाराष्ट्र को प्रोत्साहन श्रेणी में सम्मानित किया गया।
सूचना विभाग एवं नराकास द्वारा आयोजित निबंध प्रतियोगिता में डॉ. सत्यवीर सिंह ने प्रथम, कृपा कुमारी ने द्वितीय, चक्षु ने तृतीय तथा इंसा एवं वंशिका ने प्रोत्साहन श्रेणी में स्थान प्राप्त किया। वहीं बेमिसाल बागपत की तस्वीर फोटोग्राफी प्रतियोगिता में कुलदीप सिंह ने प्रथम, निखिल ने द्वितीय, पंकज ने तृतीय तथा खुशी शर्मा एवं काजल मोगा ने प्रोत्साहन श्रेणी में स्थान प्राप्त किया। राजभाषा प्रश्नोत्तरी में डॉ. उमेश कुमार शर्मा ने प्रथम, प्रभा रानी ने द्वितीय तथा डॉ. आलोक कुमार यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पंजाब नेशनल बैंक के राजभाषा प्रबंधक अमित बंसला ने गृह मंत्री के हिंदी दिवस संदेश का पाठन किया।
बागपत में केनरा बैंक क्षेत्रीय कार्यालय के संयोजन में संचालित नराकास ने पिछले वर्षों में राजभाषा गतिविधियों को व्यवस्थित एवं परिणामोन्मुख बनाया है। समिति द्वारा नियमित अर्धवार्षिक समीक्षा बैठकें, उपसमितियों का गठन, राजभाषा कार्यशालाएं, प्रशिक्षण कार्यक्रम, हिंदी प्रतियोगिताएं तथा ‘कालिंदी धारा’ पत्रिका का नियमित प्रकाशन किया गया है। इन पहलों से सदस्य कार्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है और कार्यालयी कार्यों में हिंदी के प्रभावी प्रयोग को नई गति मिली है।
इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त डॉ. अश्वनी कुमार, मंडल प्रबंधक शीतांशु तिवारी, शिक्षाविद् डॉ सत्यवीर सिंह, प्रधानाचार्य दुष्यंत सिंह सहित विभिन्न अधिकारीगण एवं अन्य उपस्थित रहे।
सूचना विभाग, बागपत