श्री अन्न की उपयोगिता, आधुनिक कृषि तकनीकों एवं कृषि योजनाओं की दी गई जानकारी
बागपत 24 सितंबर 2026 राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के अंतर्गत न्यूट्री सीरियल योजना के तहत जनपद बागपत में मिलेट्स महोत्सव एवं कृषि मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के कृषकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए श्री अन्न (मिलेट्स) की उपयोगिता, आधुनिक कृषि तकनीकों तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव कुमार राय, अपर जिलाधिकारी देवेंद्र कुमार पांडे उप कृषि निदेशक बागपत विभाति चतुर्वेदी, जिला कृषि अधिकारी बाल गोविंद यादव, भूमि संरक्षण अधिकारी धीरज सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
मिलेट्स महोत्सव एवं कृषि मेले का उद्देश्य कृषकों को श्री अन्न की पौष्टिकता एवं उपयोगिता, आधुनिक कृषि पद्धतियों, कृषि नवाचारों, फसल विविधीकरण तथा किसान कल्याण से संबंधित योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग सहित संबंधित विभागों द्वारा विभिन्न स्टॉल लगाए गए, जहां कृषकों को कृषि एवं कृषि से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कृषकों ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा नवीन कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों, फसल विविधीकरण एवं श्री अन्न की खेती से संबंधित जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों एवं कृषि विशेषज्ञों द्वारा कृषकों को आधुनिक तकनीक अपनाकर कृषि उत्पादन एवं आय में वृद्धि करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि श्री अन्न पोषण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं तथा बदलते कृषि परिवेश में इनकी खेती किसानों के लिए उपयोगी विकल्प बन सकती है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से कृषकों को नई तकनीकों एवं योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होती है, जिससे वे आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में उपलब्ध नई संभावनाओं से जुड़ सकते हैं।
सूचना विभाग बागपत