मुरादाबाद ::- मूंढापांडे थानाक्षेत्र में रहने वाली महिला का उसके बहनोई ने बाथरूम में मोबाइल लगाकर अश्लील वीडियो बना लिया। इस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के समय महिला का पति दुबई था। उसने दुबई से लौटने के बाद आरोपी पर केस दर्ज कराया है। मूंढापांडे के गांव निवासी पीड़ित महिला के पति ने दर्ज कराए केस में बताया कि वह आठ माह पहले दुबई काम करने गया था। घर में उसकी पत्नी और अन्य परिजन रहते हैं। उसकी मौजूदगी में उसका बहनोई उसके घर आता-जाता था। आरोपी बहनोई रामपुर जिले के टांडा थाना क्षेत्र के गांव में रहता है। आरोप है कि उसने एक दिन बाथरूम में मोबाइल लगा दिया। उसकी पत्नी नहाने गई तो उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इस वीडियो के जरिए उसकी पत्नी को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। महिला ने उसकी बात मानने से इन्कार किया तो आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। आठ माह तक आरोपी पीड़िता को ब्लैकमेल करता रहा। पति दुबई से आया तो पत्नी ने आपबीती सुनाई। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपी पर दुष्कर्म और आईटी एक्ट में केस दर्ज किया है।