Spread the love

जनपद के सभी 33 पशु चिकित्सालयों पर लगे विशेष कैंप में पालतू जानवरों का होगा एंटी रेबीज टीकाकरण

बागपत, 18 अगस्त 2025 — जिलाधिकारी अस्मिता लाल के निर्देशन एवं पहल पर बागपत को रेबीज-मुक्त बनाने के उद्देश्य से आज से रेबीज रोधी टीकाकरण अभियान शुरू हो गया। इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ स्वयं जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने राजकीय पशु चिकित्सालय, सदर बागपत में किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि, “यह अभियान सिर्फ बेजुबान जानवरों की सुरक्षा का ही नहीं बल्कि पूरे समाज की सुरक्षा का प्रयास है। जब हम अपने पालतू जानवरों को समय पर टीकाकरण कराते हैं, तो हम अपने परिवार, बच्चों और समुदाय को भी रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी से सुरक्षित करते हैं। मेरा सभी नागरिकों से आग्रह है कि वे जिम्मेदारी निभाते हुए अपने पालतू जानवरों का एंटी-रेबीज टीकाकरण अवश्य कराएँ।”

इस पहल के तहत जिले के सभी 33 पशु चिकित्सालयों पर पालतू जानवरों के लिए विशेष एंटी-रेबीज टीकाकरण शिविर लगाए जा रहे हैं। यह अभियान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होगा। साथ ही नगर पालिका बागपत की ओर से पशु चिकित्सालयों पर जानवरों हेतु जलपात्र उपलब्ध कराए गए हैं।

क्यों है यह अभियान महत्वपूर्ण?

रेबीज एक जानलेवा वायरल बीमारी है जो जानवरों से मनुष्यों में फैलती है। एक बार लक्षण दिखाई देने पर यह लगभग 100% घातक साबित होती है, और इसका कोई इलाज नहीं है। इसीलिए समय पर और नियमित टीकाकरण ही इस बीमारी का एकमात्र प्रभावी बचाव है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, भारत में रेबीज के 99% से अधिक मामले कुत्तों के काटने से होते हैं। इस अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन का लक्ष्य न केवल मानव स्वास्थ्य की रक्षा करना है, बल्कि बेजुबान जानवरों को भी इस घातक बीमारी से बचाना है।

लक्षण की पहचान और उपाय

जानवरों में इसके लक्षणों में अचानक व्यवहार में बदलाव, अत्यधिक आक्रामकता या असामान्य शांति, भूख न लगना, पानी पीने में डर (हाइड्रोफोबिया), अत्यधिक लार टपकना, चलने में कठिनाई, दौरे पड़ना और लकवा शामिल हैं। लक्षण प्रकट होने के बाद अधिकांश जानवर 7 से 10 दिनों के भीतर मर जाते हैं।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद त्रिपाठी ने बताया कि “लक्षण आने के बाद इस बीमारी का कोई स्थायी इलाज संभव नहीं है, इसलिए समय पर रोकथाम ही एकमात्र प्रभावी उपाय है।” इसलिए जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी एवं अपने पालतू जानवरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु एंटी रेबीज टीकाकरण अवश्य कराए।

यह अभियान रोग-निवारण के साथ साथ मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश भी देता है। संविधान हमें यह स्मरण कराता है कि जीव-जंतु हमारे पर्यावरण और पारिस्थितिकी तंत्र का अभिन्न हिस्सा हैं। उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा में योगदान देना हमारा नैतिक, सामाजिक और संवैधानिक कर्तव्य है। जब हम अपने पालतू जानवरों को टीका लगवाते हैं, तो हम न केवल उन्हें एक घातक बीमारी से बचाते हैं, बल्कि मानव समाज को भी संभावित संक्रमण से सुरक्षित करते हैं।

नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने पालतू जानवरों का टीकाकरण करवाकर इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें। कुत्तों एवं श्वान के टीकाकरण से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए वैक्सीनेशन नोडल अधिकारी डॉ. राजकुमार रावत से 9458240723 पर संपर्क किया जा सकता है। यह अभियान बागपत को एक स्वस्थ, सुरक्षित और जिम्मेदार समुदाय बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अरविंद कुमार त्रिपाठी, ईओ बागपत के के भड़ाना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

सूचना विभाग, बागपत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×