बागपत, 23 अगस्त—रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जिलाधिकारी अस्मिता लाल के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले में देर रात से शनिवार तक छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 08 विधिक नमूने लिए गए, जबकि अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखे गए 455 किलोग्राम मावा और 65 किलोग्राम पनीर को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा टीम ने पिलाना के निकट मेरठ से दिल्ली जा रहे आईसर कैंटर UP15DT0283 को रोककर जांच की। वाहन में अस्वच्छ परिस्थितियों में ले जाया जा रहा मावा पाया गया। मिलावट की आशंका पर मावा के पांच नमूने लिए गए और 410 किलो मावा, जिसकी कीमत करीब 1.23 लाख रुपये थी, नष्ट कराया गया।
इसके अलावा ग्राम मुजफ्फरनगर पोइस स्थित मावा भट्टी से एक नमूना लेते हुए अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार किए जा रहे 45 किलो मावा, कीमत करीब 13,500 रुपये, को नष्ट कराया गया।
बड़ौत क्षेत्र में हरियाणा फ्रेश पनीर भंडार के गोदाम से क्रीम तथा गुराना रोड स्थित एक गोदाम से पनीर का नमूना लिया गया। वहीं 65 किलो पनीर, जिसकी कीमत करीब 18,200 रुपये थी, को नष्ट कराया गया।
खाद्य विभाग द्वारा लिए गए सभी 08 विधिक नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य-II डीपी सिंह के निर्देशन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी यज्ञ दत्त आर्य एवं निधि रानी की टीम ने की। विभाग ने कहा कि रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
सूचना विभाग बागपत