बागपत, 28 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में बागपत के थाना सिंघावली अहीर पुलिस ने चेकिंग के दौरान गौकशी की योजना बना रहे 25-25 हजार रुपये के तीन इनामी बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायलावस्था में कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 03 अवैध तमंचे, 03 जिन्दा व 03 खोखा कारतूस, गौवध करने के उपकरण व 01 प्रतिबंधित पशु बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया, मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान गांव तिलपनी व रामनगर के बीच जंगल में रजवाहे के पास गौकशी की तैयारी कर रहे बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी करने पर अभियुक्तों द्वारा पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग की गई। अभियुक्तों द्वारा चलाई गई गोलियां पुलिस टीम में शामिल उपनिरीक्षक अमित कुमार तथा उपनिरीक्षक आदित्य कुमार द्वारा पहनी गई बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं, जिससे दोनों अधिकारी बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्यवाही की जिसमें तीनों अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गए। घायल बदमाशों की पहचान
महबूब व नवाजिश निवासीगण ग्राम खेड़ी कला, जनपद मेरठ और शब्बीर निवासी ग्राम बिलोचपुरा बागपत के रूप में हुई। पुलिस ने उनको मौके से गिरफ्तार कर तत्काल उपचार हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलाना भिजवाया। उन्होंने बताया, तीनों अभियुक्त थाना दोघट पर पंजीकृत गौकशी के अभियोग में वांछित चल रहे थे, जिनकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मौके से सकुशल बरामद किए गए 01 प्रतिबंधित पशु के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है तथा मामले में अग्रिम कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
विश्व बंधु शास्त्री