विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत जनपद में व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा मतदाता जागरूकता अभियान
स्कूलों में पोस्टर, रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतंत्र एवं मतदान के प्रति किया जा रहा जागरूक



सोशल मीडिया कैंपेन के माध्यम से आम नागरिक भी बन सकते हैं मतदाता जागरूकता अभियान का हिस्सा, सूचना विभाग 30 सेकंड में तैयार कर उपलब्ध करा रहा आकर्षक पोस्टर
सुभाष चंद कश्यप · पूर्व सैनिक, समाजसेवी व संपादक · ✊ 14 जन आंदोलनजीवन यात्रा देखें →
बागपत 17 नवंबर 2026—
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दिनांक 17 नवंबर 2026 से 16 दिसंबर 2026 तक विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज कलेक्ट्रेट स्थित निर्वाचन कार्यालय में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य मतदाता सूची जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल द्वारा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई।
जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए चार विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इनमें 21 एवं 22 नवंबर 2026 तथा 28 एवं 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान संचालित किए जाएंगे। इन अभियान दिवसों में बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों के आवेदन प्राप्त करेंगे।
उन्होंने बताया कि ऐसे पात्र नागरिक जिनकी आयु 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो रही है तथा जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है, वे नाम सम्मिलित कराने के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में चल रही स्वीप गतिविधियां
जनपद बागपत में विधानसभा क्षेत्र 50-छपरौली, 51-बड़ौत एवं 52-बागपत में मतदाता जागरूकता अभियान को व्यापक रूप से संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल के नेतृत्व में समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में स्वीप (SVEEP) गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने तथा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में छूटने न पाए, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। स्कूलों एवं शिक्षण संस्थानों में पोस्टर, रंगोली, पेंटिंग तथा अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतंत्र के महत्व, मताधिकार एवं मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक के पर्यवेक्षण में जनपद के विद्यालयों में इन गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इस अभियान में एसडीएम सुशांत श्रीवास्तव, एसडीएम दीपशिखा एवं एसडीएम दिग्विजय सिंह सहित संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर सक्रिय रहकर मतदाता जागरूकता एवं मतदाता पंजीकरण से संबंधित गतिविधियों को गति दे रहे हैं।
जिलाधिकारी के निर्देशन में जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी द्वारा सोशल मीडिया कैंपेन से आम नागरिक भी बनें मतदाता जागरूकता के संदेशवाहक
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बागपत द्वारा मतदाता जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष सोशल मीडिया कैंपेन चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत यदि कोई भी नागरिक लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी, मतदान के महत्व एवं मतदाता जागरूकता से संबंधित संदेश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करना चाहता है तो सूचना विभाग द्वारा उसकी फोटो के माध्यम से मात्र 30 सेकंड में आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर तैयार कर उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को भी स्वीप गतिविधियों से जोड़ना तथा सोशल मीडिया के माध्यम से मतदान के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।
आप भी बनें मतदाता जागरूकता अभियान का हिस्सा बने
अपना पोस्टर बनवाने के लिए यहां भेजें फोटो
9453005427
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बागपत
अपनी फोटो भेजें और लोकतंत्र के प्रति जागरूकता एवं मतदान की जिम्मेदारी का संदेश सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाएं।
मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण की निरंतर समीक्षा
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल के निर्देशन में जनपद में मतदाता जागरूकता एवं मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों की निरंतर समीक्षा की जा रही है। अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव कुमार राय द्वारा भी संबंधित अधिकारियों के साथ अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
मतदाता पंजीकरण एवं अन्य निर्वाचन संबंधी सेवाओं के लिए भारत निर्वाचन आयोग के नागरिक सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करें।
https://voters.eci.gov.in
सशक्त लोकतंत्र की पहचान, शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण और अधिकाधिक मतदान।
सूचना विभाग, बागपत।
