प्रमुख सचिव, आयुष विभाग एवं जनपद नोडल अधिकारी रंजन कुमार ने विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पशुपालन एवं आधारभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश, योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध पहुंचाने पर दिया जोर
बागपत 17 नवंबर 2026— प्रमुख सचिव, आयुष विभाग, उत्तर प्रदेश शासन एवं जनपद नोडल अधिकारी रंजन कुमार ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में संचालित विकास कार्यों एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी स्पष्ट विजन एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा शासन की मंशा के अनुरूप विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
सुभाष चंद कश्यप · पूर्व सैनिक, समाजसेवी व संपादक · ✊ 14 जन आंदोलनजीवन यात्रा देखें →
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए दिए महत्वपूर्ण निर्देश
नोडल अधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से नई शिक्षा नीति एवं उसके प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को नई शिक्षा नीति, शिक्षा से संबंधित शासनादेशों एवं नियमावलियों का पूर्ण ज्ञान होना चाहिए। अधिकारियों को स्वयं भी अध्ययन करने की आवश्यकता है, क्योंकि शिक्षा के माध्यम से ही समाज और देश का समग्र विकास संभव है।
उन्होंने 3 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के विद्यालयों में नामांकन एवं अध्ययनरत बच्चों की संख्या की जानकारी ली। इस दौरान बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा लगभग 10 हजार बच्चों के अध्ययनरत होने तथा आईसीडीएस विभाग द्वारा इसी आयु वर्ग के लगभग 34 हजार बच्चों की जानकारी दी गई। इस पर उन्होंने दोनों विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ आंकड़ों का परीक्षण करने तथा बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने बाल वाटिका की गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की और कहा कि 3 से 5 वर्ष की आयु बच्चों के सीखने और समझने की महत्वपूर्ण अवस्था होती है। इस उम्र में बच्चों को जिस प्रकार की शिक्षा एवं संस्कार दिए जाएंगे, वे उसी के अनुरूप विकसित होंगे। बच्चे नौ प्रकार की भाषाएं सीखने की क्षमता भी रखते हैं, इसलिए उनकी बुनियादी शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने बीएसए को निर्देशित किया कि बच्चों की शिक्षा को लेकर संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और प्रत्येक विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।
विद्यालयों में टाइल्स, फर्नीचर एवं बाउंड्रीवाल निर्माण सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। पीएम पोषण योजना के अंतर्गत विद्यालयों के निरीक्षण एवं प्रेरणा पोर्टल पर निरीक्षण संबंधी विवरण अपलोड किए जाने की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने 19 पैरामीटर के संबंध में जानकारी लेते हुए सभी मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
निपुण भारत मिशन के अंतर्गत जनपद बागपत में लगभग 90 प्रतिशत अंक प्राप्त होने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही प्राइमरी ग्रेडिंग इंडेक्स (PGI) में जनपद बागपत द्वारा देश में चौथा स्थान प्राप्त करने पर संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
स्वास्थ्य सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा
नोडल अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए वाटर हार्वेस्टिंग, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा करते हुए बताया कि इस योजना में जनपद की रैंकिंग Bवीं श्रेणी में है, जिसमें सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को शासन द्वारा देय धनराशि समय से उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाए तथा योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा करते हुए नोडल अधिकारी ने बताया कि जनपद में अब तक 587 लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल चुका है। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है। इसके अंतर्गत पात्र युवा 5 लाख रुपये तक का ऋण प्राप्त कर अपना व्यवसाय अथवा उद्योग स्थापित कर सकते हैं और रोजगार सृजन के साथ स्वयं को एक सशक्त एवं आत्मनिर्भर नागरिक बना सकते हैं।
उन्होंने युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय उत्पादों एवं व्यापार को एक्सपोर्ट से जोड़ने की दिशा में भी आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए।
पशुपालन एवं गौशालाओं की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश
पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने गौशालाओं की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, गोवंश के समुचित भरण-पोषण एवं संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के लिए निर्धारित चारागाह भूमि पर जिन व्यक्तियों द्वारा अवैध कब्जे किए गए हैं, उन्हें अभियान चलाकर कब्जामुक्त कराया जाए तथा चारागाह भूमि का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अपने विभाग की योजनाओं की संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाए।
निर्माण एवं विकास कार्यों को तेजी से पूर्ण कराने के निर्देश
जनपद में निर्माणाधीन सेतु परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने अवगत कराया कि जनपद में कुल पांच सेतुओं का निर्माण कराया जा रहा है, जिनमें से तीन का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा दो सेतुओं पर निर्माण कार्य संचालित है। इस पर नोडल अधिकारी ने शेष निर्माण कार्यों को तेजी से एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा में शत-प्रतिशत लक्ष्य के अनुरूप कार्य किए जाने की जानकारी दी गई। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना में भी प्रगति में और सुधार लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चिकित्सा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं विकास से जुड़े सभी विभागों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने जनपद की सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन सड़कों पर गड्ढे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त कराया जाए, जिससे आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कानून व्यवस्था की समीक्षा
बैठक में नोडल अधिकारी ने जनपद की कानून व्यवस्था एवं पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह ने जनपद में कानून व्यवस्था की स्थिति एवं अपराध नियंत्रण के लिए की जा रही कार्यवाही से अवगत कराया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 01 जनवरी 2026 से 23 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न अपराधों में संलिप्त 391 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। जनपद में बीट व्यवस्था के माध्यम से पुलिस द्वारा निरंतर निगरानी एवं प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सर्विलांस सेल द्वारा चोरी एवं गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस लौटाए गए हैं। इस अभियान के अंतर्गत लगभग 800 मोबाइल फोन बरामद कर संबंधित व्यक्तियों को सुपुर्द किए गए हैं। मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत भी जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए प्रभावी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं जनपद में चार महिला सब इंस्पेक्टर चौकी इंचार्ज है व एक महिला इंस्पेक्टर महिला थाना अध्यक्ष है।
नोडल अधिकारी ने पुलिस विभाग द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं वाली योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करें। जनपद की रैंकिंग में निरंतर सुधार लाने के लिए टीम भावना से कार्य करें तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बैठक में जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल, पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तीरथ लाल, सहित समस्त संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना विभाग बागपत
