जिलाधिकारी ने विभागीय कार्यों एवं निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए सुधार के निर्देश, लापरवाही पर नोटिस जारी करने के आदेश
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: जिलाधिकारी
बागपत, 12 नवंबर 2026— जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड, आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण एवं विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर जिन विभागों की रैंकिंग सी एवं डी श्रेणी में है, उनके अधिकारी अपनी कार्यशैली में तत्काल सुधार करें। सभी अधिकारी अपने विभागीय दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए बेहतर से बेहतर प्रदर्शन करें, जिससे जनपद की रैंकिंग में निरंतर सुधार हो सके। जिन विभागों की रैंकिंग संतोषजनक नहीं पाई गई जिसमें सी श्रेणी पिछड़ा वर्ग कल्याण ,समाज कल्याण विभाग ,जिला उद्योग केंद्र है उनके अधिकारियों को सचेत करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से स्वयं फोन पर वार्ता कर उसकी समस्या को समझें और निस्तारण के बाद संतुष्टि के स्तर की भी जांच करें। किसी भी शिकायत को केवल औपचारिकता के रूप में न लिया जाए। डिफॉल्टर श्रेणी में आने वाले प्रकरणों पर विशेष ध्यान देते हुए रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बालैनी स्थित निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के कार्य को निर्धारित समयसीमा के अंतर्गत पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सेतु निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण कराने पर जोर दिया।
बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद में प्रचार-प्रसार के लिए उपलब्ध कराई गई धनराशि का नियमानुसार उपयोग न किए जाने तथा उच्च अधिकारियों को कार्यों की समुचित जानकारी उपलब्ध न कराने पर संबंधित अधिशासी अभियंता जल निगम चंद्रहास के प्रति नाराजगी व्यक्त की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के प्रशिक्षण में समय से प्रतिभाग न करने एवं कार्यों में रुचि नहीं लेने पर जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी तथा जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी प्रत्येक दायित्व को गंभीरता से लें।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर तीरथ लाल, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, परियोजना निदेशक राहुल वर्मा ,जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी महेंद्र सिंह सहित आदि उपस्थित रहे ।
सूचना विभाग बागपत