कार्य की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, गुणवत्ता एवं मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश
बागपत, 17 अगस्त 2026— जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने आज निवाड़ा पुलिस चौकी के आस-पास निर्माणाधीन राज्य कर विभाग के जनपद स्तरीय कार्यालय भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान अवगत कराया गया कि राज्य कर विभाग के जनपद स्तरीय कार्यालय भवन का निर्माण कार्य 16 मार्च 2026 से प्रारंभ हुआ है, जिसे 15 मार्च 2027 तक पूर्ण किया जाना निर्धारित है। लगभग 9 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से निर्मित किए जा रहे इस भवन का निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) द्वारा कराया जा रहा है। वर्तमान में परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 26 प्रतिशत है।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए कार्य में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य प्रत्येक दशा में पूर्ण किया जाए। साथ ही निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता तथा निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित कार्यदायी संस्था यह सुनिश्चित करे कि कार्य मानक के अनुरूप, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा हो।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी से भी जांच कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग करने तथा प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि जनपद स्तरीय महत्वपूर्ण कार्यालय भवन का निर्माण भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराया जाए। निर्माण कार्य में गति के साथ-साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि परियोजना निर्धारित समय में पूर्ण होकर जनहित में उपयोग में लाई जा सके।
इस अवसर पर उपयुक्त राज्य कर आरपी चौरसिया सहित संबंधित कार्यदायीं संस्था के अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना विभाग बागपत