हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा देख भाव-विभोर हुए शिवभक्त, गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
बागपत, 08 अगस्त 2026—
श्रावण मास की शिवरात्रि के पावन पर्व पर जनपद बागपत में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर, पुरा मेले एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तत्परता के साथ व्यवस्थाओं में जुटा है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी अस्मिता लाल एवं पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने आज हेलीकॉप्टर से जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्गों का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं की स्थिति, यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। साथ ही जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रियों एवं शिवभक्त श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन एवं स्वागत किया।
हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा होते ही कांवड़ मार्गों पर मौजूद शिवभक्तों में खुशी की लहर दौड़ गई। श्रद्धालु इस विशेष स्वागत से अभिभूत नजर आए और हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया। पुष्प वर्षा का यह दृश्य आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम बन गया।
श्रावण मास की महाशिवरात्रि के अवसर पर श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर, पुरा में प्रसिद्ध ऐतिहासिक मेला 09 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। हरिद्वार एवं विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर पैदल कांवड़ यात्रा करते हुए पुरा महादेव पहुंचते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। पुरा महादेव मंदिर की प्राचीन मान्यता एवं धार्मिक आस्था के कारण यह क्षेत्र कांवड़ यात्रा का प्रमुख पड़ाव है।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने हवाई सर्वेक्षण के दौरान कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा, यातायात, प्रकाश, स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। जिला प्रशासन द्वारा शिवभक्तों की यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं श्रद्धामय बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
इस अवसर पर जिला प्रशासन का संदेश स्पष्ट रहा—
“भक्ति भी, प्रकृति भी, आस्था भी, जिम्मेदारी भी।”
शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा कर जिला प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों के प्रति सम्मान, सेवा और स्वागत की भावना को प्रदर्शित किया।
सूचना विभाग, बागपत