मेले की तैयारियों का लिया जायजा; हर विभाग को दिए अंतिम निर्देश, कल होगी ग्राउंड ब्रीफिंग
बागपत, 07 अगस्त2026—श्रावणी शिवरात्रि मेले में इस बार लाखों शिवभक्तों की सुरक्षा और त्वरित स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति देने के लिए जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने 14 बाइक एंबुलेंस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संकरी गलियों, भीड़भाड़ वाले मार्गों के बीच भी कुछ ही मिनटों में चिकित्सा सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई यह व्यवस्था मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। इसके बाद जिलाधिकारी ने श्री परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को अंतिम दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कांवड़ मार्ग, जलाभिषेक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, कंट्रोल रूम, चिकित्सा शिविर, अग्निशमन, सुरक्षा व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों द्वारा की गई तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता से कार्य करे।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि बाइक एंबुलेंस सहित सभी चिकित्सा सेवाएं चौबीसों घंटे सक्रिय रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने अधिकारियों को कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी रखने और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। मेले की तैयारियों में पुलिस, स्वास्थ्य, नगर निकाय, अग्निशमन, विद्युत, लोक निर्माण, परिवहन, सूचना विभाग तथा अन्य संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम, स्वच्छ और तकनीक समर्थ यात्रा का अनुभव मिले।
इस बीच, प्रशासन ने कल दिनांक 08 अगस्त को श्री परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर परिसर में सभी संबंधित विभागों की विशेष ऑन-ग्राउंड ब्रीफिंग निर्धारित की है। इसमें मेले से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों की अंतिम समीक्षा करेंगे और ड्यूटी संबंधी निर्देश प्राप्त करेंगे, ताकि श्रावणी शिवरात्रि मेले का संचालन पूरी तैयारी, समन्वय और दक्षता के साथ सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विनीत कुमार उपाध्याय, मेला मजिस्ट्रेट दिग्विजय सिंह, सीएमओ डॉक्टर तीरथ लाल ,डिप्टी सीएमओ डॉक्टर यशवीर सहित आदि उपस्थित रहे।
सूचना विभाग बागपत