कांवड़ मार्ग पर शिवभक्तों की सुविधा के लिए लगाए जाएंगे सेवा शिविर
बागपत 21 जुलाई 2026– जनपद बागपत की कांवड़ यात्रा अपनी पारंपरिक, ऐतिहासिक एवं प्राचीन पहचान के लिए प्रसिद्ध है। प्रत्येक वर्ष लाखों शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर जनपद बागपत स्थित ऐतिहासिक परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर से होकर अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करते हैं।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल के नेतृत्व में कांवड़ यात्रा को सरल, सुरक्षित, सुगम, दिव्य एवं भव्य बनाने के लिए सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद की सीमा में प्रवेश करने के बाद किसी भी शिवभक्त को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं।
कांवड़ यात्रा के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग विशेष रूप से सक्रिय रहेगा। सहायक खाध आयुक्त देवेंद्र पाल ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर खाद्य सुरक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले 70 प्रतिष्ठानों पर व मेला परिसर में लगने बाली सभी प्रतिष्ठानों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई जा रही है कांवड़ मार्ग पर शिवभक्तों की सुविधा के लिए लगाए जाएंगे सेवा शिविर जनको प्रशासन से लेनी होगी अनुमित। वहीं कांवड़ मार्ग पर स्थित 15 मांस एवं मीट की दुकानें पूरे श्रावण मास में बंद रहेंगी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर कांवड़ मार्ग पर लगने वाले सभी भंडारों एवं शिविर संचालकों को खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में स्वच्छता (हाइजीन), साफ-सफाई, दस्ताने, टोपी एवं स्वच्छ बर्तनों के प्रयोग सहित गुणवत्तापूर्ण भोजन तैयार करने के मानकों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही भोजन बनाने में उपयोग किए जाने वाले कच्चे माल एवं खाद्य सामग्री की नियमित जांच भी की जाएगी।
जनपद में संचालित फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स (मोबाइल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला) के माध्यम से खाद्य पदार्थों की मौके पर ही जांच की जाएगी। जहां भी किसी प्रकार की कमी पाई जाएगी, वहां तत्काल सुधार कराते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
वर्तमान में जनपद में दो खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं एक सहायक खाद्य आयुक्त कार्यरत हैं। कांवड़ मेले की व्यापकता को देखते हुए मंडलायुक्त से अन्य जनपदों से सात अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की मांग की गई है। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार मेला परिसर में एक खाद्य सुरक्षा अधिकारी तैनात रहेगा, छह अधिकारी कांवड़ मार्ग पर निगरानी करेंगे तथा एक अधिकारी सहायक खाद्य आयुक्त के साथ भ्रमणशील रहकर लगातार निरीक्षण करेगा।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने निर्देश दिए हैं कि खाद्य सुरक्षा संबंधी किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी प्रतिष्ठान शिवभक्तों को निर्धारित एवं उचित दरों पर शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराएं। साथ ही सभी दुकानदार एवं प्रतिष्ठान संचालक शिवभक्तों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें, उन्हें “भोले” कहकर संबोधित करें तथा उनकी सेवा और सम्मान में किसी भी प्रकार की कमी न रहने दें।
जिला प्रशासन कांवड़ यात्रा को सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
सूचना विभाग बागपत