भाजपा को रोकने के लिए गठबंधन का हिस्सा बनने को तैयार: चंद्रशेखर आजाद
- टीकरी में कार्यकर्ता के परिवार को दी सांत्वना, गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की उठाई मांग
- जयंत चौधरी पर कसा तंज, बोले- थोड़ी समझदारी दिखाते तो भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाता
- पंचायत चुनाव नहीं कराने पर योगी सरकार को घेरा, पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच स्थापित करने की मांग
बागपत।
बिजनौर-नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि भाजपा को सत्ता से रोकने के लिए वह गठबंधन का हिस्सा बनने को तैयार हैं। उनकी पार्टी मुस्लिमों के मुद्दों को लेकर भी चुनाव लड़ेगी। उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए पंचायत चुनाव नहीं कराने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की पीठ स्थापित करने की मांग भी उठाई।
चंद्रशेखर आजाद बृहस्पतिवार को बागपत के टीकरी कस्बे में एक कार्यकर्ता के परिवार को सांत्वना देने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा को रोकने के लिए विपक्षी दलों को एकजुट होकर रणनीति बनानी चाहिए। इसके लिए वह गठबंधन में शामिल होने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी मुस्लिमों के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाएगी और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी। रालोद अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि थोड़ी समझदारी दिखाई होती तो भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाता। उन्होंने किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की। साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को न्याय के लिए लंबी दूरी तय करने से राहत दिलाने के उद्देश्य से यहां हाईकोर्ट की पीठ स्थापित करने की आवश्यकता बताई। पंचायत चुनाव को लेकर चंद्रशेखर आजाद ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद सरकार पंचायत चुनाव नहीं करा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की सरकार डंडे के दम पर चल रही है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता को अपने प्रतिनिधि चुनने का अधिकार मिलना चाहिए और सरकार को समय पर चुनाव कराने चाहिए।