महर्षि वाल्मीकि मंदिरों में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया दीपोत्सव, यज्ञ-हवन कर की गई सुख-समृद्धि की कामना
बागपत, 09 नवंबर 2026–
माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की मंशा के अनुरूप जनपद में जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल के निर्देशन में दीपावली के पावन अवसर पर जनपद के समस्त शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिरों में भव्य रूप से दीपोत्सव का आयोजन किया गया।
जनपद के लव-कुश जन्मभूमि स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर सहित छपरौली, टिकरी, दोघट, रटौल, बागपत समेत विभिन्न स्थानों पर मंदिरों को आकर्षक विद्युत झालरों एवं रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा पूरे विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ-हवन किया गया तथा भगवान से जनकल्याण, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई। विभिन्न मंदिरों में भंडारों का भी आयोजन हुआ।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में अपनी धार्मिक आस्था, संस्कृति एवं गौरवशाली परंपराओं को बढ़ावा देना तथा आने वाली पीढ़ियों को भारतीय संस्कृति से जोड़ना रहा। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव मनाया और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान भगवान श्रीराम की लीलाओं, महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन एवं उनके द्वारा रचित रामायण के महत्व पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि दीपावली का पर्व हमें सत्य, धर्म, मर्यादा, प्रेम और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।
इस प्रकार जनपद में महर्षि वाल्मीकि मंदिरों में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रमों के माध्यम से धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत एवं सामाजिक एकता का संदेश प्रसारित किया गया।
सूचना विभाग बागपत