बागपत में दीपावली पर ‘क्षितिज’ बाल गृह पहुंचीं आकांक्षा समिति की अध्यक्ष स्वाती सहगल, बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान
मिठाई बांटी, रामकथा सुनाई और बच्चों के साथ मनाया दीपोत्सव, बाल संरक्षण का दोहराया संकल्प
क्षितिज बाल एवं शिशु गृह में बच्चों को मिल रहा स्नेह और संरक्षण
बागपत दिनांक 09 नवंबर 2026 — दीपावली की रोशनी जब सरूरपुर कलां स्थित क्षितिज बाल एवं शिशु गृह पहुंची तो बच्चों की खुशियों में भी नया उजाला भर गया। जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल की धर्मपत्नी एवं शासन द्वारा गठित आकांक्षा समिति की जनपद अध्यक्ष स्वाती सहगल ने यहां बच्चों के बीच पहुंचकर दीपोत्सव मनाया। फल-मिठाई बांटी, भगवान श्रीराम की कहानियां सुनाईं और बच्चों के साथ समय बिताकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने बाल संरक्षण के संकल्प को दोहराते हुए बच्चों को स्नेह और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के महत्व पर जोर दिया।
स्वाती सहगल के आगमन पर बच्चों में उत्साह नजर आया। उन्होंने बच्चों को दुलार किया और उनके साथ आत्मीयता से समय बिताया। बच्चों के बीच बैठकर उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियां सुनाईं। बच्चों ने भी इस विशेष अवसर पर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कई आकर्षक खेलों व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अपनी कला का प्रदर्शन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों और खिलखिलाहट से बाल गृह का पूरा वातावरण उत्साह, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर हो गया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और इस संवेदनशील पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
सरूरपुर कलां में स्थापित जनपद का पहला क्षितिज बाल एवं शिशु गृह उन बच्चों के लिए महत्वपूर्ण सहारा है, जिन्हें किसी कारणवश तत्काल पारिवारिक संरक्षण उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। यह बच्चों को सुरक्षित बचपन देने और उनके जीवन में नई शुरुआत का अवसर उपलब्ध कराने की पहल है। यहां बच्चों को भोजन, स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा, खेलकूद, मनोरंजन, भावनात्मक सहयोग, स्नेह और आवश्यक संरक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। ‘क्षितिज’ में प्रयास है कि कठिन परिस्थितियों से यहां पहुंचने वाला कोई बच्चा खुद को अकेला या उपेक्षित महसूस न करे। उसे ऐसा वातावरण मिले, जहां वह सुरक्षित रहकर अपने भविष्य के सपने देख सके और उसके विकास को उचित अवसर मिल सकें।
दीपावली के अवसर पर स्वाती सहगल का बच्चों के बीच पहुंचना इसी संवेदनशीलता और बाल संरक्षण के संदेश को मजबूत करता नजर आया। त्योहार की खुशियां साझा करने के साथ यह पहल बच्चों के जीवन में अपनत्व, विश्वास और सुरक्षित बचपन की उम्मीद जगाने वाली रही।
सूचना विभाग बागपत