Spread the love

दो एलईडी प्रचार वाहनों और जनसंवाद गतिविधियों के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाई गई विकास एवं जनकल्याण की जानकारी

बागपत, 20 जून 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के “सेवा, सुशासन, संस्कार एवं सम्मान” के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा कलेक्ट्रेट लोकमंच परिसर में आयोजित चार दिवसीय विशेष प्रदर्शनी का शनिवार को समापन हो गया। 17 जून से 20 जून 2026 तक आयोजित इस प्रदर्शनी ने न केवल विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई बल्कि जनसंवाद, जनभागीदारी और जागरूकता का प्रभावी मंच भी साबित हुई।

चार दिनों तक चली इस प्रदर्शनी में जनपद के विभिन्न वर्गों के हजारों लोगों ने पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी के दौरान प्रत्येक दिन अलग-अलग वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया। एक दिन विद्यार्थियों, युवाओं एवं माय भारत स्वयंसेवकों ने भ्रमण कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों से सीधे संवाद किया। अन्य दिवस पर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं महिला समूहों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी हासिल की। इसके अतिरिक्त किसान, बुजुर्ग, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों ने भी प्रदर्शनी का भ्रमण कर योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य केवल योजनाओं का प्रदर्शन करना नहीं बल्कि लोगों को उनसे जोड़ना और पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जागरूक करना रहा। प्रदर्शनी में पहुंचे आगंतुकों को योजनाओं से संबंधित पुस्तिकाएं, फोल्डर, मुख्यमंत्री संदेश पत्रिका तथा अन्य प्रचार सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।

चार दिनों के दौरान सूचना विभाग के स्टॉल से 1200 से अधिक मुख्यमंत्री संदेश पत्रिकाएं, केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तकें, विभिन्न योजनाओं एवं विषयों से संबंधित फोल्डर, प्रचार सामग्री तथा अन्य प्रकाशनों का वितरण किया गया। आगंतुकों ने पुस्तकों एवं साहित्य के माध्यम से योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

प्रदर्शनी के दौरान लोगों को अधिकारियों, विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद का अवसर भी मिला। युवाओं ने जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी, बैंकिंग विशेषज्ञों तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों से योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभों के संबंध में प्रश्न पूछे। यूथ आइकॉन एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ भी युवाओं का संवाद हुआ, जिससे उन्हें समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को समझने का अवसर मिला।

प्रदर्शनी के समानांतर जनपद में व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान भी चलाया गया। सूचना विभाग की दो एलईडी प्रचार वैनों ने जनपद के गांवों, कस्बों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्षों से संबंधित उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से योजनाओं पर आधारित फिल्में, लघु वीडियो और संदेश प्रसारित किए गए, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी योजनाओं की जानकारी प्राप्त हुई।

समापन अवसर पर प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों और संस्थाओं की ओर से स्टॉल संचालन में योगदान देने वाले कार्मिकों एवं सहयोगियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि जनभागीदारी से ही सुशासन की अवधारणा मजबूत होती है और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है।

चार दिनों तक चली यह प्रदर्शनी विकास, जनकल्याण और सुशासन की जानकारी को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ शासन और जनता के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरी। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को न केवल योजनाओं की जानकारी मिली बल्कि उन्हें अपने अधिकारों, अवसरों और विकास की प्रक्रिया से जुड़ने का भी अवसर प्राप्त हुआ।

सूचना विभाग बागपत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

sbobet88

×