बागपत
20जून2026
जनपद बागपत के खेकड़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित मैसर्स विवटैक्स ओवरसीज, पाठशाला रोड, खेकड़ा, बागपत में कार्यरत पांच मजदूरों को उनकी मजदूरी का भुगतान नहीं किए जाने पर परेशान मजदूरों ने सहायक श्रमायुक्त, बागपत एम0एल0पाल के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई। जिस पर सहायक श्रमायुक्त, बागपत ने कारखाना मालिक को नोटिस भेजकर अपने कार्यालय में वार्ता हेतु बुलाया गया। दोनों पक्षों के मध्य वार्ता करायी गयी। कई सत्रों की वार्ता के पश्चात् पक्षों में सुलह कराकर कारखाना मालिक से पांच मजदूरों की अनन्तिम मजदूरी एवं उपार्जित अवकाश के बकाया कुल धनराशि रुपये 90,204/- (रुपये नब्बे हजार दो सौ चार मात्र) के चेक मजदूरों को प्रदान किए गए। सहायक श्रमायुक्त, बागपत की उद्योग और श्रमिक हित के संबंध में सकारात्मक पहल पर दोनों पक्षों की ओर से प्रसन्नता व्यक्त की गयी। सहायक श्रमायुक्त का कहना है कि शासन की मंशा अनुरूप औद्योगिक प्रतिष्ठानों की प्रगति श्रमिक हित के साथ ही संभव है।
