बागपत में मेरठ रोड रेलवे फ्लाईओवर जनता को समर्पित, सांसद-मंत्री-विधायक का व्यापारियों ने किया स्वागत
बागपत। उत्तर प्रदेश में बागपत के लोगों के लिए शनिवार को छोटी दीपावली का पर्व यादगार बन गया। मेरठ-बागपत रोड पर रेलवे फ्लाईओवर के शुरू होने से हजारों लोगों को रोजाना के जाम से मुक्ति मिल गई। बागपत सांसद डॉ. राजकुमार सागवान के सार्थक प्रयासों से यह बड़ा प्रोजेक्ट रिकॉर्ड 2 वर्षों में बनकर तैयार हुआ।
शनिवार को फ्लाईओवर के उद्घाटन के लिए सांसद डॉ. राजकुमार सागवान, उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री के.पी. मलिक और बागपत के विधायक योगेश धामा अग्रवाल मंडी टटीरी पहुंचे, तो व्यापारियों और नागरिकों ने उनका ऐतिहासिक स्वागत किया।

व्यापार संघ अध्यक्ष अभिमन्यु गुप्ता के नेतृत्व में महामंत्री अंकुर शर्मा, संरक्षक संजीव शर्मा, विधायक प्रतिनिधि मनोज सिंघल, पवन ठेकेदार, राजू गोयल, आशु गर्ग, भारतीय किसान यूनियन के चौधरी हिम्मत सिंह, भाजपा उपाध्यक्ष श्रीमती कौशल त्यागी, श्रीमती मिथलेश, वरिष्ठ समाजसेवी ठाकुर नीरज कुमार सहित सैकड़ों गणमान्य लोगों ने पगड़ी ओढ़ाकर, पटका पहनाकर, माल्यार्पण कर और पुष्प भेंटकर अतिथियों का अभिनंदन किया।
इसके बाद सभी अतिथियों ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर फ्लाईओवर का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन होते ही पूरा माहौल “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जयंत चौधरी जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा। खुशी में लड्डू वितरित किए गए।
उद्घाटन के समय मौजूद लोगों ने कहा कि सांसद राजकुमार सागवान के प्रयासों से ही यह कार्य समय से पूर्व पूरा हो पाया है, इसके लिए पूरा क्षेत्र उनका आभारी है। इस बीच व्यापारियों ने अपनी बड़ी समस्या भी अतिथियों के सामने रखी। व्यापार संघ अध्यक्ष अभिमन्यु गुप्ता, महामंत्री अंकुर शर्मा और संरक्षक संजीव शर्मा ने कहा कि पिछले 2 वर्षों से निर्माण के चलते माल वाहनों का आवागमन बंद होने से कस्बे का व्यापार बंदी के कगार पर पहुंच गया है। व्यापारियों ने मांग की कि फ्लाईओवर के दोनों ओर 16-16 फुट की सर्विस रोड का निर्माण शीघ्र कराया जाए, ताकि व्यापार फिर से पटरी पर लौट सके।
इस पर सांसद डॉ. राजकुमार सागवान ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि व्यापारियों और क्षेत्र के लोगों की समस्या के समाधान के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और शीघ्र ही सर्विस रोड का निर्माण कराया जाएगा।
विश्व बंधु शास्त्री