बागपत 12 मई2026 —–
जनपद में “राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण” अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों की पहचान, सूचीकरण, संरक्षण एवं डिजिटलीकरण हेतु आधार तैयार करना है।
इसी क्रम में आज कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह द्वारा संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के ग्राम स्तर, ब्लॉक स्तर एवं नगर निकाय क्षेत्रों में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों की सूचना अभियान मोड में एकत्रित की जाए।
उन्होंने कहा कि मंदिर, आश्रम, मदरसा, गुरुकुल, पुस्तकालय, निजी संग्रह एवं अन्य सांस्कृतिक स्थलों पर उपलब्ध संस्कृत, हिंदी, फारसी, अरबी, उर्दू तथा अन्य भाषाओं की पांडुलिपियों को चिन्हित किया जाए, जिससे जनपद की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित किया जा सके।
बैठक में बताया गया कि पांडुलिपि का अर्थ हाथ से लिखी गई मूल प्रति अथवा ग्रंथ से है। यह मुद्रित या टाइप की हुई सामग्री नहीं होती, बल्कि कागज, ताड़पत्र, भोजपत्र अथवा कपड़े पर हस्तलिखित रूप में तैयार की गई रचना होती है। प्राचीन काल में ज्ञान, साहित्य, धर्म, इतिहास एवं विज्ञान के संरक्षण के लिए इनका व्यापक उपयोग किया जाता था।
राष्ट्रीय पांडुलिपि मिशन के अनुसार कम से कम 75 वर्ष पुरानी तथा ऐतिहासिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक अथवा वैज्ञानिक महत्व रखने वाली हस्तलिखित सामग्री को पांडुलिपि की श्रेणी में रखा जाता है। वेद, पुराण, महाभारत, धार्मिक ग्रंथ, ऐतिहासिक अभिलेख एवं अन्य हस्तलिखित दस्तावेज इसके प्रमुख उदाहरण हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वेक्षण कार्य मिशन मोड में संचालित किया जाए तथा अधिक से अधिक पांडुलिपियों की जानकारी संकलित कर मुख्य विकास का आधिकारिक कार्यालय में उपलब्ध कराये । मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित खंड विकास अधिकारी अधिशासी अधिकारी जिला विद्यालय निरीक्षक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य विभागों को निर्देशित किया कि पांडुलिपि संबंधित कार्य को गंभीरता से लेते हुए मिशन मोड में कार्य करें इसमें कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी द्वारा आमजन से अपील की गई है कि यदि किसी व्यक्ति अथवा संस्था के पास प्राचीन पांडुलिपियां उपलब्ध हों तो उनकी सूचना मोबाइल नंबर 9410400995 पर उपलब्ध कराएं, जिससे जनपद की सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण एवं डिजिटलीकरण सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी राहुल वर्मा संबंधित खंड विकास अधिकारी समस्त अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना विभाग बागपत
