10 मई 2026 — जनपद बागपत की बड़ौत तहसील क्षेत्र के ग्राम मोजिजाबाद भगवानपुर नांगल स्थित श्री शिव गोरखनाथ आश्रम, खोखरा में कल दिनांक 11 मई 2026 को आयोजित होने वाले दिव्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार योगी आदित्यनाथ जी की प्रस्तावित सहभागिता को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। कार्यक्रम के संबंध में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात एवं जनसुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

Spread the love

उल्लेखनीय है कि उक्त पावन स्थल भारतीय सनातन परंपरा, नाथ संप्रदाय की तपस्या, लोकआस्था एवं आध्यात्मिक चेतना का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां नव नाथ मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के मध्य सम्पन्न होगा। इस अवसर पर आयोजित “आठ मान का विशाल भंडारा” श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं एवं क्षेत्रवासियों की आस्था, सेवा, समर्पण एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक बनेगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आमजन की संभावित उपस्थिति को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, बैरिकेडिंग एवं अन्य जनसुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं गरिमामय ढंग से सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

उक्त आयोजन जनपद बागपत की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान को नई गरिमा प्रदान करने के साथ-साथ ग्रामीण आध्यात्मिक पर्यटन, लोकसंस्कृति एवं भारतीय संत परंपरा को भी व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करेगा। यह आयोजन भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता एवं जनआस्था के विराट स्वरूप का प्रेरणादायी उदाहरण बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×